कानपुर

Kanpur News:गणित-अर्थशास्त्र में कम आए थे अंक,11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या

Kanpur Crime News: कल्याणपुर क्षेत्र में 11वीं की छात्रा ने परीक्षा में गणित और अर्थशास्त्र में कम अंक आने से तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। दोबारा परीक्षा का मौका मिलने के बावजूद वह मानसिक दबाव से उबर नहीं सकी।

2 min read
Feb 25, 2026

कानपुर। परीक्षा के दबाव और बेहतर प्रदर्शन की चिंता ने एक छात्रा की जिंदगी छीन ली। कल्याणपुर क्षेत्र में 11वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कम अंक आने से वह अवसाद में थी, हालांकि स्कूल प्रबंधन ने दो विषयों की दोबारा परीक्षा कराने का भरोसा भी दिया था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गणित और अर्थशास्त्र में कम आए थे अंक -

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मकड़ीखेड़ा चेतन विहार निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय बेटी वर्षाली धर मरियमपुर स्कूल की छात्रा थी। परिवार में मां सुषमा और छोटा भाई निवेदन है। सुनील कुमार लोक निर्माण विभाग के कानपुर डिवीजन में चालक हैं। परिजनों के मुताबिक, हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में वर्षाली के गणित और अर्थशास्त्र विषय में कम अंक आए थे। इसी बात को लेकर वह खुद को असफल मानने लगी थी और कई दिनों से चुपचाप रहने लगी थी।हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से परिजनों को मोबाइल संदेश भेजकर बताया गया था कि गणित और अर्थशास्त्र की दोबारा परीक्षा 26 और 28 फरवरी को कराई जाएगी। इस सूचना के बाद वर्षाली ने तैयारी भी शुरू कर दी थी और देर रात तक पढ़ाई कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी दोबारा परीक्षा देकर बेहतर परिणाम लाएगी।

कमरे में थी अकेली -

बुधवार सुबह पिता गंगा स्नान के लिए घर से निकल गए, जबकि मां बेटे को स्कूल छोड़ने गई थीं। लौटने पर जब मां ने बेटी को जगाने के लिए कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। वर्षाली का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे पिता ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।इकलौती बेटी की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या बोले थाना प्रभारी -

थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में परीक्षा में कम अंक आने से उपजे तनाव के कारण आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
25 Feb 2026 06:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर