कानपुर

Kanpur News:रूस का सपना, मुंबई का जाल, फिर जो हुआ, उसने उड़ा दिए होश

Overseas Job Scam:कानपुर में युवक से रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.38 लाख रुपये ठगे गए। आरोपी ने मुंबई ले जाकर बंधक बनाकर मारपीट की। पीड़ित के भागकर लौटने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image

कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को रूस में 70 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी दिलाने का झांसा देता था और इसी बहाने उनसे मोटी रकम ऐंठता था। मामले में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उससे 2.38 लाख रुपये लेकर न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी करने की बात कबूल की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार तिवारीपुर निवासी प्रवीण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात क्षेत्र के ही अबरार अहमद से हुई थी। अबरार ने स्वयं को ओवरसीज प्लेसमेंट एक्सपर्ट बताते हुए प्रवीण को रूस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने पहले 50 हजार रुपये का चेक लिया और बाद में रूस से ऑफर लेटर आने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 2.38 लाख रुपये वसूल लिए।

पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2025 में आरोपी वीजा और फ्लाइट की प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने उसे मुंबई ले गया। वहां अबरार अहमद और उसके दो साथियों ने उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उससे करीब एक लाख रुपये और खर्च कराए गए। जब पीड़ित के पास पैसे खत्म हो गए तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।प्रवीण कुमार के मुताबिक, मौका पाकर वह आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहा और सीधे कानपुर लौट आया, जहां उसने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर जाजमऊ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अबरार अहमद को मोतीनगर स्थित बुरादा मैदान से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार की है।उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

Published on:
09 Apr 2026 06:00 am