कानपुर

Kanpur Dehat News: लोडर ने ऑटो को मारी टक्कर,पिता-बेटी की मौत,8 घायल

Kanpur Auto Crash:कानपुर-रसूलाबाद मार्ग पर कहिंजरी के पास लोडर ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई, 8 घायल हैं। सभी गेस्टहाउस में सफाई के लिए जा रहे थे। पांच गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

2 min read
May 10, 2026
अस्पताल के बाहर मौजूद पुलिस

कानपुर-रसूलाबाद मार्ग पर कहिंजरी विद्युत उपकेंद्र के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार लोडर ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी रसूलाबाद में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया। पांच गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें

Banda News: Instagram वीडियो बनाती थी पत्नी, पति को था ऐतराज…कमरे में फंदे से लटका मिला शव

गेस्टहाउस में सफाई के लिए जा रहा था परिवार

कहिंजरी निवासी सोनम (35) पत्नी दीपू ने बताया कि उनका परिवार गेस्टहाउस व अन्य कार्यक्रमों में साफ-सफाई का काम करता है। शनिवार शाम वह पति दीपू (40), बेटी गहना (10) और नैना (6) के साथ कहिंजरी चौराहे से ऑटो में बैठकर कहिंजरी विद्युत उपकेंद्र के पास स्थित गेस्ट हाउस में काम के लिए जा रहे थे। ऑटो में पहले से छह अन्य सवारियां बैठी थीं। गेस्टहाउस से करीब 100 मीटर पहले कानपुर की ओर से आए तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी।

ये हुए घायल

हादसे में सोनम, दीपू, गहना, नैना, थानापुरवा निवासी रामवती (65) पत्नी गंगाराम, गुरसहायगंज जल्लाबाद निवासी तारादेवी (30) पत्नी कुलदीप, उनका बेटा भूरा (6), अयांश (4), दिनसरा निवासी सीता देवी (28) पत्नी सोनू और उनका बेटा सुधाकर (2) गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में पिता-पुत्री को मृत घोषित किया

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया। वहां डॉ. सौरभ शाक्य ने दीपू व उनकी बेटी नैना को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गहना, सोनम, तारादेवी, सीता देवी और रामवती को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार संतोष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार शिवदर्शन सिंह, सीओ आलोक कुमार और थानाध्यक्ष एसएन सिंह सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं दीपू व उनकी पुत्री नैना की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।

लोडर चालक हिरासत में, ऑटो चालक का इलाज जारी

थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लोडर व ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है। लोडर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल ऑटो चालक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
10 May 2026 01:24 am
Also Read
View All