Kanpur Crime: कानपुर में बाइक सवार टप्पेबाजों ने महिला को बच्चों की मौत का डर दिखाकर झांसे में लिया। गेंदा का नशीला फूल सुंघाने के बाद बदमाश नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
Kanpur Superstition Fraud: कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। बाइक सवार दो शातिर युवकों ने पहले महिला को उसके बच्चों की जान पर खतरे का डर दिखाया, फिर नशीला फूल सुंघाकर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों की तलाश में जुटी है।
सराय मसवानपुर निवासी संजय वर्मा सिक्योरिटी गार्ड हैं। उनकी पत्नी किरन वर्मा घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। रविवार देर शाम किरन पनकी क्षेत्र से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। तभी पनकी नहर के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। महिला ने बताया कि युवकों ने पहले उन्हें बाइक पर बैठने के लिए कहा। जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों ने उनके बच्चों पर संकट और जान का खतरा होने की बात कहकर डराना शुरू कर दिया। आरोपितों ने दावा किया कि अगर तुरंत उपाय नहीं किया गया तो बच्चों के साथ बड़ी अनहोनी हो सकती है। बच्चों का नाम सुनते ही महिला घबरा गई और आरोपितों की बातों में आ गई।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपितों ने इसके बाद उन्हें गेंदा का फूल सूंघने के लिए दिया। फूल सूंघते ही उन्हें चक्कर आने लगे और वह अर्धबेहोशी जैसी हालत में पहुंच गईं। इसी दौरान दोनों युवक उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर सराय चौराहे तक ले गए। महिला ने बताया कि आरोपितों के कहने पर वह घर पहुंचीं और वहां से 4 हजार रुपए नकद, चांदी की पायल और कान के बाले निकालकर उन्हें दे दिए। कुछ देर बाद जब बदमाश वहां से निकलने लगे तो महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने शोर मचाते हुए पीछा भी किया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।
सोमवार को पीड़िता रावतपुर थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार, करीब 50 हजार रुपए कीमत के नकदी और जेवरात लेकर भागे हैं। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।