कानपुर

Kanpur News:ठेकेदार के घर लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Kanpur theft case:कानपुर के शिवनगर में ठेकेदार के घर हुई 30–35 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। सीसीटीवी के आधार पर तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। करीब 8–10 लाख का माल बरामद हुआ, एक आरोपी अभी फरार है।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image
प्रेस वार्ता करते डीसीपी पश्चिम

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर में ठेकेदार के सूने घर को निशाना बनाकर की गई 30 से 35 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की ज्वेलरी भी बरामद की है।

शिवनगर निवासी मुश्ताक अली मकानों की साज-सज्जा का काम करते हैं। वह 26 मार्च को अपने परिवार के साथ लखनऊ स्थित भाई मुमताज अली के घर गए थे। घर में पालतू बिल्ली की देखभाल के लिए उन्होंने नौकरानी शब्बो को मुख्य दरवाजे की चाबी दे रखी थी। 29 मार्च को जब शब्बो बिल्ली को दूध देने पहुंची, तो शयनकक्ष का ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना मुश्ताक अली को दी।

सूचना मिलते ही मुश्ताक अली ने अपने बहनोई नफीस अहमद को मौके पर भेजा और खुद भी कानपुर के लिए रवाना हो गए। घर पहुंचने पर देखा गया कि शयनकक्ष की अलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखी करीब 30 से 35 लाख रुपये की ज्वेलरी गायब थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। फुटेज में 28 मार्च की भोर में दो चोरों को बाउंड्रीवाल फांदकर घर में घुसते हुए और एक साथी को बाहर निगरानी करते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।

मंगलवार शाम पुलिस ने मसवानपुर स्थित मामा तालाब के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान फजलगंज निवासी राजेश बाथम, काकादेव निवासी आशू अग्निहोत्री और रावतपुर निवासी सौरभ चंदेल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के दो कड़े, चेन, अंगूठी और टाइटेनियम सिल्वर बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि राजेश बाथम के खिलाफ छह और अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ तीन-तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य, मऊ निवासी अजय यादव, अभी फरार है। पुलिस के अनुसार चोरी के बाद सभी आरोपी माल अजय को ही सौंपते थे। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Updated on:
09 Apr 2026 09:43 am
Published on:
09 Apr 2026 06:30 am