कानपुर

विनीत मिनोचा हत्याकांड के खुलेंगे राज? शालू से पूछे जाएंगे 100 सवाल, पुलिस तैयार कर रही लिस्ट

Vineet Minocha Murder Case: कानपुर के दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने बहू शालू की 15 दिन की कस्टडी मांगी है। शालू से 100 से ज्यादा सवाल पूछे जाएंगे। 309 कॉल और 49 डिलीट मैसेज की भी जांच हो रही है।
3 min read
Sep 12, 2026
Kanpur Vineet Minocha
शालू मिनोचा (photo- x @PayallSingh13)

Kanpur Murder Case:कानपुर दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब जांच का केंद्र विनीत की बहू शालू मिनोचा है। पुलिस ने उसकी 15 दिन की कस्टडी मांगी है, ताकि कथित हत्या की साजिश की पूरी कड़ी को समझा जा सके। अधिकारियों की टीम शालू से 100 से ज्यादा सवाल पूछने की तैयारी में है।

पुलिस यह जानना चाहती है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनी, इसमें किस-किस की भूमिका थी और वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी कैसे हुई। इसके साथ ही पुलिस विनीत के बेटे और शालू के पति सुब्रत मिनोचा की भूमिका को भी जांच रही है। सुब्रत को अभी क्लीनचिट नहीं दी गई है।

शालू और विशाल के बीच 309 कॉल, 49 मैसेज भी डिलीट

जांच में पुलिस को शालू और पूर्व कर्मचारी विशाल गौतम के बीच लगातार संपर्क के सबूत मिलने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक 1 मई से 5 सितंबर यानी हत्या वाले दिन तक दोनों के बीच 309 बार फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान 49 मैसेज भी भेजे गए, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। अब जांच टीम इन डिलीट मैसेज का डेटा रिकवर करने की कोशिश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं बातचीत और संदेशों से कथित साजिश की कड़ियां सामने आ सकती हैं। पुलिस का आरोप है कि शालू ने हत्या के लिए विशाल को छह लाख रुपये देने की बात तय की थी। विशाल और उसके साथी राज किशोर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कथित तौर पर मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

तीन महीने से हत्या की योजना का शक

पुलिस को आशंका है कि हत्या की तैयारी अचानक नहीं हुई, बल्कि करीब तीन महीने पहले से इसकी योजना बनाई जा रही थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि शालू धीरे-धीरे विशाल के संपर्क में आई और दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी कथित साजिश में और कौन लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका थी।

पति सुब्रत को अभी क्लीनचिट नहीं

इस मामले में सुब्रत मिनोचा की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि उसे क्लीनचिट नहीं दी गई है। शुरुआती जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारी सुब्रत के कॉल रिकॉर्ड और दूसरी खुफिया जानकारियों को खंगाल रहे हैं। विशाल के साथ उसके संपर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने पहले विशाल को दो बार निजी नौकरी दिलाने में मदद की थी।

हत्या वाली रात कार्यक्रम में सामान्य नजर आए थे शालू-सुब्रत

जांच में एक और बात पुलिस के लिए अहम है। हत्या वाली रात शालू और सुब्रत दवा कारोबारियों की करीब 25 जोड़ों वाली साप्ताहिक बैठक में शामिल हुए थे। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक यह कार्यक्रम सुबह करीब तीन बजे तक चला। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान शालू और सुब्रत सामान्य नजर आ रहे थे। दोनों ने खाना ऑर्डर किया और डांस भी किया। उस समय उनके व्यवहार में किसी तरह की घबराहट या तनाव के स्पष्ट संकेत नहीं दिखे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों घर लौटे, जहां विनीत मिनोचा का शव मिला।

विनीत के शरीर पर मिले थे दो दर्जन से ज्यादा घाव

60 वर्षीय विनीत मिनोचा 5 सितंबर की सुबह रतन ऑर्बिट स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सीने, पीठ, पेट, हाथ, जांघ और गर्दन पर चाकू के दो दर्जन से ज्यादा घाव मिलने की बात सामने आई थी। पुलिस का कहना है कि चोटों की संख्या और प्रकृति से पता चलता है कि हमलावरों ने उनकी हत्या करने के लिए कई बार चाकू से वार किए।

मुठभेड़ के बाद पकड़े गए थे विशाल और राज किशोर

पुलिस ने सोमवार तड़के विशाल गौतम और राज किशोर को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। फिलहाल शालू, विशाल और राज किशोर न्यायिक हिरासत में हैं। अब पुलिस शालू की कस्टडी मिलने पर उससे पूछताछ के जरिए कथित साजिश की पूरी तस्वीर साफ करने की कोशिश करेगी।

शालू के भाई ने पुलिस के आरोपों को नकारा

वहीं, शालू के परिवार ने पुलिस के उस आरोप को खारिज किया है कि वह हत्या की कथित साजिश की मास्टरमाइंड थी। उसके भाई धीरज अरोड़ा ने कहा कि शालू और विनीत के संबंध अच्छे थे। उनका दावा है कि शालू विनीत के खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखती थी। अब पुलिस की नजर शालू से होने वाली पूछताछ पर है। 100 से ज्यादा सवालों के जरिए जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि हत्या के पीछे कथित साजिश की शुरुआत कहां से हुई, इसमें और कौन शामिल था और सुब्रत की भूमिका को लेकर तस्वीर क्या है।

Updated on:
12 Sept 2026 03:50 pm
Published on:
12 Sept 2026 03:50 pm