8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Inside Story: ‘6 लाख दूंगी’, ससुर के कत्ल की सुपारी नौकर को दी! कानपुर के कारोबारी की हत्या केस में खुलासा

Kanpur Murder Case Vineet Minocha: कानपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने बहू शालू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में हत्या की साजिश, 6 लाख रुपये के लालच और गजरा देने के बहाने आरोपियों के फ्लैट में पहुंचने की कहानी सामने आई है। पढ़िए मामले की इनसाइड स्टोरी।
4 min read
Google source verification
Kanpur Murder Case Vinīt Manocha Murder विनीत मिनोचा हत्याकांड

कानपुर दवा व्यापारी की बहू (photo- x @askrajeshsahu)

Kanpur Murder Case Vineet Minocha:कानपुर के कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। हत्या के आरोपी विशाल ने पूछताछ में दावा किया कि उसकी पूर्व मालकिन शालू भाभी ने उसे अपने ससुर विनीत मिनोचा की हत्या करने के बदले 6 लाख रुपये देने का लालच दिया था।

आरोपी विशाल के मुताबिक, शालू ने पहले विनीत का एक्सीडेंट कराने के लिए कहा था। जब उसने इसके लिए मना किया तो कथित तौर पर उसे सोते समय तकिए से मुंह दबाकर हत्या करने का तरीका बताया गया। आरोपी का कहना है कि शालू ने भरोसा दिलाया था कि हत्या के बाद वह उसकी नौकरी भी लगवा देगी।

20 दिन पहले विशाल को बताई थी हत्या की योजना

पुलिस पूछताछ में विशाल ने बताया कि करीब 20 दिन पहले वह काम के सिलसिले में शालू के घर गया था। इसी दौरान शालू ने कथित तौर पर उसे बताया कि वह अपने ससुर की रोक-टोक और निगरानी से परेशान है। विशाल के मुताबिक, शालू ने कहा कि घर में CCTV कैमरे लगवा दिए गए हैं और हर वक्त निगरानी होती रहती है। इसके बाद उसने विनीत को रास्ते से हटाने के लिए विशाल को पैसे का लालच दिया। पहले कार से एक्सीडेंट कराने की बात कही गई, लेकिन विशाल के मना करने पर कथित तौर पर घर के अंदर ही हत्या करने की योजना बनाई गई।

घर की चाबी देकर बनवाया डुप्लीकेट

विशाल ने पुलिस को बताया कि शालू ने उसे घर की ओरिजिनल चाबी दी थी, जिसके आधार पर उसने गुमटी से उसकी दूसरी चाबी बनवाई। चाबी बनवाने के लिए शालू ने उसे 1200 रुपये भी दिए थे। आरोपी के अनुसार, हत्या के लिए पहले जन्माष्टमी का दिन तय किया गया था, लेकिन अपार्टमेंट में ज्यादा चहल-पहल होने के कारण वह और उसका साथी वहां से वापस लौट आए।

दोस्त राजकिशोर को भी किया प्लान में शामिल

विशाल ने अपने दोस्त राजकिशोर को भी इस योजना में शामिल किया। उसने राजकिशोर को काम के बदले 30 हजार रुपये देने का लालच दिया, हालांकि शुरुआत में उसने उसे यह नहीं बताया कि काम विनीत मिनोचा की हत्या से जुड़ा है। बाद में दोनों ने हत्या की तैयारी की और विशाल ने एक चाकू भी खरीदा।

गजरा देने के बहाने अपार्टमेंट में पहुंचा

विशाल के मुताबिक, शालू ने उसे गजरा लेकर अपार्टमेंट आने को कहा था। उसने कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्ड को पहले ही बता दिया था कि 'शिवम' नाम का एक लड़का गजरा लेकर आएगा और उसे अंदर जाने दिया जाए। विशाल को भी अपना नाम विशाल की जगह शिवम बताने और गेट के रजिस्टर में एंट्री नहीं करने के लिए कहा गया था।

किटी पार्टी के लिए निकली शालू, दोनों को घर में छोड़ा

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर की रात करीब 9 बजे विशाल और राजकिशोर अपार्टमेंट पहुंचे। राजकिशोर पार्किंग एरिया में रुक गया, जबकि विशाल ऊपर फ्लैट में गया और शालू को गजरा दिया। इसके बाद करीब 9:38 बजे शालू अपने पति सुब्रत और बेटे के साथ तिलक नगर स्थित कास्मो जिम में किटी पार्टी के लिए चली गई। रास्ते में उसने मैसेज करके बताया कि घर खाली है। आरोपी के अनुसार, इसके बाद रात करीब 9:42 बजे दोनों फ्लैट में दाखिल हुए और शालू के बेडरूम में जाकर छिप गए।

कमरे में पहुंचते ही विनीत ने दोनों को देख लिया

विशाल ने पूछताछ में दावा किया कि रात करीब 10:58 बजे विनीत मिनोचा घर लौटे। उन्होंने अचानक बेडरूम की लाइट जलाई तो सामने दोनों को देखकर हैरान रह गए। आरोपी के मुताबिक, विनीत ने दोनों से पूछा कि वे वहां क्या कर रहे हैं। इसके बाद राजकिशोर ने उन्हें नीचे गिराया और विशाल ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान विनीत की मौत हो गई।

बाथरूम में हाथ-पैर धोकर भागे आरोपी

विशाल ने बताया कि घटना के बाद दोनों ने बाथरूम में जाकर अपने हाथ-पैर धोए। इसके बाद राजकिशोर ने चेहरे को काले गमछे से ढक लिया और दोनों सोसाइटी के पार्क की बाउंड्री वॉल फांदकर वहां से फरार हो गए।

CCTV से पुलिस आरोपियों तक पहुंची

कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में शनिवार रात करीब 11:28 बजे विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट में हत्या हुई थी। रविवार तड़के करीब 3 बजे परिवार के लौटने पर बेडरूम में उनका शव मिला। पुलिस ने अपार्टमेंट के CCTV फुटेज की मदद से विशाल और राजकिशोर की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान विशाल ने कथित तौर पर शालू का नाम लिया। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने शालू से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कर्ज में डूबा था विशाल, इसलिए हत्या के लिए तैयार हुआ

पुलिस पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह करीब चार साल पहले शालू के पति सुब्रत के घर पर काम करता था। बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया गया। कुछ समय दूसरी जगह काम करने के बाद वह वर्ष 2022 से बेरोजगार था। उसके परिवार में छोटा भाई आकाश और मां सुशीला हैं। विशाल के मुताबिक, उस पर करीब 2 लाख रुपये का कर्ज था। कभी-कभार सुब्रत उसे छोटे-मोटे काम के लिए बुला लेते थे। इसी सिलसिले में करीब 20 दिन पहले वह उनके घर गया था, जहां कथित तौर पर शालू ने उसे ससुर की हत्या के लिए पैसे का लालच दिया।

कारोबारी थे विनीत, बेटे के साथ संभालते थे दवा का कारोबार

विनीत मिनोचा रतन आर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित C-104 फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। चार कमरों और डाइनिंग रूम वाले इस फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। विनीत के परिवार में उनकी पत्नी पुनीता, बेटा सुब्रत, बहू शालू और 6 साल का पोता श्रीजय हैं। शालू और सुब्रत की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी। विनीत की पत्नी पुनीता मैरिज काउंसलर हैं और घटना से करीब एक सप्ताह पहले गाजियाबाद गई थीं। उनकी बेटी सुभानी और दामाद गुरुग्राम में रहते हैं। दोनों इंजीनियर हैं।

बड़ी खबरें

View All

कानपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग