कानपुर

Kanpur News:मार्च में ही तपने लगा कानपुर, 16 मार्च को मौसम बदलेगा रंग

kanpur weather: मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने 16 मार्च को बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

2 min read
Mar 14, 2026
Feature image

कानपुर। अभी मार्च आधा भी नहीं बीता और शहर में गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। दोपहर की तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को अप्रैल-मई की याद दिला दी है। हालात यह हैं कि कई घरों में पंखों के साथ कूलर और एसी भी चलने लगे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 16 मार्च को मौसम का मिजाज बदल सकता है, जब बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

बादल सकता है मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार 16 मार्च को शहर में आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिन में बादल रहने और तेज हवाएं चलने के कारण अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।इसके साथ ही धूप के बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो सकता है।

30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार 15 और 16 मार्च को शहर में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में नमी का प्रवाह बढ़ने से उमस भी महसूस हो सकती है। ऐसे में हीट इंडेक्स सामान्य से अधिक रह सकता है, यानी तापमान उतना ज्यादा न होने के बावजूद गर्मी ज्यादा महसूस हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यदि रात में बादल छाए रहते हैं तो न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। दरअसल रात के समय धरती अपनी गर्मी छोड़ती है, लेकिन जब आसमान में बादल आ जाते हैं तो वह गर्मी बाहर नहीं निकल पाती। इसी वजह से रात का तापमान बढ़ जाता है।