कानपुर

‘इकलौते बेटे की शादी बड़े अरमानों से की थी’, सास ने बहू को चाय में संदिग्ध पदार्थ मिलाते हुए देखा! कानपुर में पति की मौत की साजिश केस में अपडेट

Wife Poison Allegation In Tea Kanpur:पति ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर परिवार को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले में सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपी गई हैं।
2 min read
Jul 29, 2026
kanpur wife poison allegation tea room freshener police investigation
पति को मारने की रची साजिश। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Wife Poison Allegation Kanpur: कानपुर से पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने परिवार के भीतर विश्वास और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम हत्याकांड समेत हाल के कुछ मामलों के बाद यह घटना भी चर्चा में है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके परिवार को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाने और उसकी मौत की साचिश रच रही थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ महीने बाद बदलने लगे हालात

रावतपुर के गणेश नगर निवासी हिमांशु गुप्ता का आरोप है कि विवाह के शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन उसके बाद घर का माहौल बदलने लगा। उनके अनुसार, आए दिन विवाद होने लगे और परिवार के कई सदस्यों की तबीयत भी लगातार खराब रहने लगी। मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों ने खाने-पीने की चीजों में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई, जिसके बाद परिवार का संदेह घर के भीतर ही केंद्रित हो गया।

CCTV फुटेज को बनाया जा रहा जांच का आधार

हिमांशु का दावा है कि उनकी मां ने एक दिन उनकी पत्नी को चाय में संदिग्ध पदार्थ मिलाते हुए देखा। इसके बाद परिवार ने घर में CCTV कैमरे लगवा दिए। शिकायत के अनुसार, कैमरों में कई बार चाय में काले रंग का पदार्थ मिलाते हुए और सिरिंज के जरिए रूम फ्रेशनर में संदिग्ध तरल डालते हुए दृश्य रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। परिवार का कहना है कि संबंधित फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई हैं।

परिवार ने संपत्ति को लेकर भी जताई आशंका

हिमांशु की मां का कहना है कि उन्होंने अपने इकलौते बेटे की शादी बड़े सपनों के साथ की थी, लेकिन शादी के बाद परिवार में तनाव और डर का माहौल बन गया। परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें नुकसान पहुंचाकर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, इन दावों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

पत्नी ने पहले दर्ज कराया था दहेज उत्पीड़न का मामला

मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पत्नी पहले ही पति और उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। अब पति की शिकायत पर भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। ऐसे में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

ACP कल्याणपुर का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के आरोपों, CCTV फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।