28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kanpur News: मां बनी दुश्मन! छात्रा का आरोप- पढ़ाई छोड़ने का दबाव, छेड़छाड़ और धमकियों से हुआ जीना मुश्किल

Kanpur News: कानपुर में एक छात्रा ने अपनी मां समेत तीन लोगों पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ तथा धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पनकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

सांकेतिक फोटो- पत्रिका

Kanpur Student Harassment Case: कानपुर के पनकी क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा ने अपनी ही मां समेत तीन लोगों पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसे लगातार पढ़ाई छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मामले में पहले शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाने के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पनकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पढ़ाई छोड़ने का बनाया जा रहा था दबाव

रतनपुर निवासी छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह राजकीय पॉलिटेक्निक की छात्रा है। उसके अनुसार, उसकी मां, मां की एक परिचित महिला और मां के परिचित युवक लगातार उस पर पढ़ाई छोड़ने और उनकी बात मानने का दबाव बना रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। छात्रा का आरोप है कि कई बार उसकी मां ने उसे भोजन तक नहीं दिया, जिससे वह मानसिक रूप से भी परेशान रही।

युवक पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों का आरोप

छात्रा ने आरोप लगाया कि मां का परिचित युवक जब भी घर आता था तो उसके साथ अश्लील हरकतें करता और छेड़छाड़ करता था। उसने इस संबंध में 19 जून को पनकी थाने में शिकायत भी दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। छात्रा का कहना है कि शिकायत के बाद भी आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

फोन पर धमकी देकर रास्ते से उठवा लेने की बात कही

पीड़िता के मुताबिक, 14 जुलाई को आरोपी युवक ने मोबाइल पर फोन कर उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए रास्ते से उठवा लेने और दुष्कर्म कराने की धमकी दी। छात्रा का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उसका घर से बाहर निकलना और पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो गया है। वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पनकी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।