
Kanpur Murder Case: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी गांव निवासी हरिमोहन यादव का शव उनके खेत के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पास मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर गांव के तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि हाथी गांव निवासी हरिमोहन यादव का शव उनके खेत के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी और पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार का गंभीर घाव मिला, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह घर से खाना खाने के बाद ट्यूबवेल पर सोने की बात कह कर चले गए थे। सुबह ग्रामीणों ने फोन पर हत्या की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक का गांव के ही तीन लोगों से विवाद चल रहा था। परिजनों ने तीनों पर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपों को हिरासत में लेकर जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, जमीन विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी। मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।