
गिरफ्तार आरोपी अर्जुन उर्फ सूरज राठी और विशाल राठी - फोटो पुलिस मीडिया सेल
Kanpur Kidnapping News: कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में नगर निगम के संविदा सफाई कर्मचारी के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कोयला नगर निवासी अर्जुन उर्फ सूरज राठी (34), जो सऊदी अरब में काम करता है, करीब सात दिन पहले ही भारत लौटा था। लौटने के कुछ ही दिन बाद उसने अपने छोटे भाई विशाल राठी (29) के साथ मिलकर एक लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में सफाई कर्मचारी राकेश के अपहरण की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, झंडा चौराहा, बर्रा निवासी 50 वर्षीय राकेश नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारी हैं और मसवानपुर क्षेत्र में सफाई का कार्य करते हैं। मंगलवार को दोनों आरोपी सबसे पहले राकेश के पुराने घर बेकनगंज पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद दोनों बर्रा स्थित उसके वर्तमान घर पहुंचे। वहां भी राकेश नहीं मिला तो दोनों सीधे मसवानपुर पहुंचे, जहां वह ड्यूटी कर रहा था।आरोप है कि दोनों भाइयों ने राकेश को जबरन अपाचे बाइक पर बैठाया और अपने साथ कोयला नगर ले गए।
पीड़ित राकेश का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसे अपने घर में बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद उसे कचहरी ले जाया गया, जहां सादे कागज और स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए। पूरी घटना के बाद आरोपी उसे बेकनगंज स्थित उसके पुराने मकान के बाहर छोड़कर फरार हो गए। देर रात किसी तरह घर पहुंचने पर राकेश ने पत्नी को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों रावतपुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर मिलते ही रावतपुर पुलिस ने अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बुधवार सुबह मामा तालाब के पास घेराबंदी कर विशाल राठी और अर्जुन उर्फ सूरज राठी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से स्टांप पेपर भी बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि दोनों पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को घटना की वजह मान रही है। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
Updated on:
15 Jul 2026 05:56 pm
Published on:
15 Jul 2026 05:56 pm
