
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, फोटो सोर्स- फतेहगढ़ पुलिस
Murder in Farrukhabad: फर्रुखाबाद में पुलिस को सूचना मिली कि गांव में हत्या कर दी गई है। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला है कि पिता-पुत्र के बीच खेत बेचने को लेकर विवाद हो रहा था। पुत्र अपने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था, जिससे कि वह अपने खर्च पूरे कर सके। पिता खेत बेचने से इनकार कर रहा था। इसी बीच पुत्र ने मौके पर पड़ी कुर्सी से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुत्र मौके से फरार हो गया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हत्यारोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अदालत के माध्यम से जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। घटना मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद (फतेहगढ़) के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिला गांव निवासी रामदास की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद घर में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मोहम्मदाबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। परिजनों से बातचीत की गई।
पुलिस की पूछताछ के दौरान जानकारी हुई कि श्याम सिंह उर्फ रामू की पुत्री की शादी में अधिक खर्च हो गया था। जिससे उसके घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई और घर में कर्ज भी चढ़ गया था। इससे तनाव की स्थिति बनी रहती थी। श्याम सिंह को घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए वह अपने पिता पर खेत बेचने का दबाव बना रहा था। लेकिन पिता खेत बेचने से साफ इनकार कर रहा था। जिससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच श्याम सिंह ने पास रखी कुर्सी उठाकर पिता रामदास के सिर पर मार दिया। जिससे रामदास को गंभीर चोटें आईं और वह वहीं गिर पड़े तथा उनकी मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि रामदास की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची मोहम्मदाबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्यारोपी पुत्र श्याम सिंह को गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई गई थी। श्याम सिंह की तलाश में लगी पुलिस को आज सफलता मिली और रामदास के हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी निशानदेही पर सफेद रंग की बनियान खून से सनी हुई बरामद की गई, जिसे घर के सामने घूर में फेंक दिया गया था। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि श्याम सिंह को कोर्ट के माध्यम से अदालत में पेश किया जा रहा है।
Updated on:
15 Jul 2026 04:30 pm
Published on:
15 Jul 2026 04:30 pm
