- आसमान में बदली की वजह से धूप का असर भी हुआ कमजोर
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
कानपुर. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से लोगों को तेज सर्दी का अहसास होने लगा है। तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जबकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर कंपकंपी छुड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। सुबह और शाम के समय तेज कोहरा पड़ रहा है। आसमान में बदली की वजह से धूप का असर भी कमजोर हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक मौसम के इसी तरह से रहने के आसार जताए हैं। इसके साथ ही तेज ठंड पड़ेगी।
यूपी मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का तापमान गिरकर न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 15.0 और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। हवा 3.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, जबकि एक दिन पहले हवा की गति 4.9 किलोमीटर प्रति घंटे थी। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता का स्तर कुछ कमजोर हो गया है।
पहाड़ों क्षेत्रों में बर्फबारी, वर्षा होने के कारण हवा में भले ही कमी आ गई है, लेकिन आर्द्रता अधिक होने से सर्दी अपनी जगह बरकरार बनी हुई है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा रहने के आसार हैं। 24 घंटे में हवा की दिशा भी परिवर्तित हो गई है। मंगलवार को दक्षिण पूर्वी हवा चल रही थी, जबकि सोमवार को उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर हवा का रुख था।
यूपी में फिर लौट आई कड़ाके की सर्दी
शीतलहर के चलते यूपी में कड़ाके की सर्दी फिर लौट आई है। आने वाले दो तीन दिन तक मौसम इसी तरह रहने के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट के भी आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने कोहरे के कहर को देखते हुए बिना वजह सड़कों पर न निकलने को लेकर चेतावनी जारी की है। बुधवार की सुबह बदली और कुछ जगहों पर हल्की धुंध छाई रही। धूप न निकलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आ गई है। जिससे तेज सर्दी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।