अब मुंबई की तरह कानपुर में भी खाऊ गली होगी. कई इलाकों में ऐसी गलियों का निर्धारण होगा जहां सिर्फ खाने पीने की चीजें ही बिकेंगी. परिवार समेत लोग यहां पहुंचेंगे और अलग अलग जायके का आनंद उठाएंगे. इसके लिए नगर निगम ने तैयारी कर ली है.
कानपुर। अब मुंबई की तरह कानपुर में भी खाऊ गली होगी. कई इलाकों में ऐसी गलियों का निर्धारण होगा जहां सिर्फ खाने पीने की चीजें ही बिकेंगी. परिवार समेत लोग यहां पहुंचेंगे और अलग अलग जायके का आनंद उठाएंगे. इसके लिए नगर निगम ने तैयारी कर ली है. 8 अक्टूबर को होने वाली कार्यकारिणी की बैठक में इसका प्रस्ताव लाया जाएगा.
ऐसा बताया महापौर ने
महापौर प्रमिला पांडेय का कहना है कि मुंबई में खाऊ गली खासी चर्चित है. लोगों को वहां विभिन्न प्रकार के व्यंजन मिल जाते हैं. लोगों को अलग अलग जगह नहीं जाना पड़ता है. इसका बड़ा फायदा उन लोगों को भी होता है जो इन जगहों पर ठेला लगाते हैं. प्रतिस्पर्धा के कारण बेहतरीन व्यंजन तैयार करते हैं. इससे उनकी आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी. पिछले दिनों गोरेगांव में स्मार्ट शहरों की प्रदर्शनी के दौरान इन गलियों का विधिवत अध्ययन किया गया. सबकुछ कानपुर के अनुरूप था. इसी तरह फल वाली गली में सिर्फ फल ही बिकते मिले.
ढूंढी जाएगी नगर निगम की जमीन
पार्षदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह नगर निगम की जमीन ढूंढकर बताएं और प्रस्ताव दें कि वहां किस तरह का निर्माण किया जाए. शहर भर की सरकारी जमीनों पर मार्केट बनाई जाएंगी.इससे नगर निगम की आय बढेगी.
यहां बनेगी मीना मार्केट
स्वरूप नगर में घंटाघर की जमीन पर मीना मार्केट बनाने की तैयारी की जा रही है. यहां महिलाओं के लिए सौंदर्य प्रसाधनसे संबंधित वस्तुएं बिकेंगी. महिलाओं को ही यहां पर दुकानें आवंटित की जाएंगी.
वर्कशॉप की जमीन पर बनेगा मॉल
महापौर ने बताया कि चुन्नीगंज में नगर निगम वर्कशॉप की जमीन पर मॉल बनाया जाएगा. वहां स्मार्ट सिटी के लिए जमीन अधिकत की गई है. महापौर ने कहा कि बिना अनुमति के स्मार्ट सिटी को जमीन कैसे दी जा सकती है.
कई स्थान किए गए चिह्नित
खाऊ गली और फल वाली गली के लिए गोविंद नगर में पराग डेयरी के पास, पीरोड से जरीब चौकी के बीच लेनिन पार्क के सामने और मोतीझील में नगर निगम के पीछे वाली गली को चिंहित किया गया है. महापौर ने बताया कि शहर में परेड के पास का एरिया भी देखा गया है.