कानपुर

अरे वाह! अब सिर्फ 40 मिनट में पहुंच जाएंगे कानपुर से लखनऊ

बहुत जल्‍द कानपुर से लखनऊ की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी. इसके लिए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे को सिक्स लेन किए जाने की तैयारी तेज हो गई है. एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद दिसंबर से काम भी शुरू कर दिया जाएगा.
2 min read
Aug 14, 2018
Kanpur
अरे वाह! अब सिर्फ 40 मिनट में पहुंच जाएंगे कानपुर से लखनऊ

कानपुर। बहुत जल्‍द कानपुर से लखनऊ की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी. इसके लिए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे को सिक्स लेन किए जाने की तैयारी तेज हो गई है. एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद दिसंबर से काम भी शुरू कर दिया जाएगा. केन्द्रीय भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि इस योजना के तहत लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे को 14 लेन के दिल्ली-डासना एक्सप्रेस वे से भी जोड़ा जाएगा.

करोड़ों की लागत से बनेगा ग्रीन एक्सप्रेस-वे
पिछले दिनों केन्द्रीय मंत्री ने नमामि गंगे के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा के बाद केडीए में प्रेस कांफ्रेंस की. उन्होंने बताया कि लखनऊ-कानपुर ग्रीन एक्सप्रेस-वे के जरिए ये दूरी 40 मिनट में तय की जा सकेगी. इंजिस इंडिया लिमिटेड कंपनी इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पहले ही सौंप चुकी है. अब इस एक्सप्रेस वे के एलाइनमेंट का काम भी पूरा हो चुका है. इसका अप्रूवल भी हो चुका है. इससे इस एक्सप्रेस वे में आ रही जमीनों के अधिग्रहण का काम जल्द ही शुरू किया जा सकेगा. बताया गया है कि इस प्रोजेक्ट में करीब 5 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे. टेंडर प्रॉसेस के बाद दिसंबर तक काम शुरू करने की योजना है.

ऐसे जोड़ा जाएगा एक्‍सप्रेस-वे को
उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर 6 लेन ग्रीन एक्सप्रेस वे को दिल्ली-डासना 14 लेन एक्सप्रेस से भी जोड़ा जाएगा. दिल्ली-डासना 14 लेन एक्सप्रेस वे चालू हो चुका है. डासना से मेरठ तक सिक्स लेन का काम चल रहा है. इसे कानपुर-लखनऊ ग्रीन एक्सप्रेस वे तक लाया जाएगा.

ऐसे होगी मॉनीटरिंग
शहर आए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नमामि गंगे प्रोजेक्ट्स में कोई गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी. आईआईटी के सहयोग से गंगा जल की दिन में तीन बार सुबह, दोपहर व शाम को मानिटरिंग की जाएगी. नमामि गंगे प्रोजेक्ट्स में पारदर्शिता व जवाबदेही पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है. इसीलिए 1 शहर 1 ऑपरेटर का फंडा अपनाया जा रहा है, जिससे ऑडिट में आसानी रहेगी.

ऐसे मचा हंगामा
सीएसए में कार्यक्रम के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी आदि केडीए पहुंच गए. इस पर पुलिस ने पोर्टिको के पास का मेनगेट बन्द कर लिया. बाद में एनएमसीजी व शहर के कई ऑफिसर व नेता पहुंचे, लेकिन गेट न खुलने पर काफी देर तक हंगामा होता रहा.

Published on:
14 Aug 2018 11:24 am