3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘शरीर पर 5 किलो सोना, 4.5 किलो के चांदी के जूते’, कौन हैं कानपुर के गूगल गोल्डन बाबा? जानिए क्यों हैं चर्चा में

Who is Google Golden Baba: शरीर पर 5 किलो सोना पहनने वाले कानपुर के 'गूगल गोल्डन बाबा' मनोज सेंगर एक बार फिर चर्चा में हैं। जानिए कौन हैं ये बाबा और क्यों हैं इतने चर्चित...
2 min read
Google source verification
Google Golden Baba, Manoj Sengar, Janmashtami 2026

मनोज सेंगर उर्फ गूगल गोल्डन बाबा (फाइल फोटो पत्रिका)

Who is Google Golden Baba: पूरे देश में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है और मंदिरों से लेकर घरों तक तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच कानपुर के काकादेव इलाके में रहने वाले मनोज सेंगर उर्फ मनोजानंद बाबा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। लोग इन्हें 'गूगल गोल्डन बाबा' के नाम से जानते हैं। कृष्ण भक्ति में लीन यह बाबा इस बार जन्माष्टमी पर 651 भक्तों को लड्डू गोपाल की प्रतिमा और श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक निशुल्क बांटने जा रहे हैं।

शरीर पर पहनते हैं करीब 5 किलो सोना

मनोज सेंगर की पहचान सिर्फ एक कृष्ण भक्त तक सीमित नहीं है। वह अपने शरीर पर भारी मात्रा में सोना पहनने के लिए पूरे देश में मशहूर हैं। बाबा करीब 5 किलो सोना हर वक्त अपने शरीर पर पहनकर रखते हैं जिसमें भारी भरकम चेन हार और अंगूठियां शामिल हैं। 2015 से पहले उन पर कई हमले हो चुके थे इसलिए वह सुरक्षा के लिए सोने से मढ़ी हुई एक रिवॉल्वर रखते थे। लेकिन लड्डू गोपाल के जीवन में आने के बाद उन्होंने वह रिवॉल्वर हमेशा के लिए छोड़ दी।

7 साल से चला आ रहा है सिलसिला

मनोज सेंगर पिछले 7 सालों से लगातार यह नेक काम करते आ रहे हैं। वह बताते हैं कि पहले वह हर साल 551 लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं और गीता भक्तों को भेंट करते थे लेकिन इस बार उन्होंने यह संख्या बढ़ाकर 651 कर दी है। इसके पीछे उनका कोई प्रचार करने का मकसद नहीं है बल्कि वह सिर्फ घर घर श्रीकृष्ण की भक्ति का संदेश पहुंचाना चाहते हैं।

प्रतिमा ले जाने वालों के लिए है खास नियम

गूगल गोल्डन बाबा कहते हैं कि जो भी भक्त लड्डू गोपाल को अपने घर ले जाता है उसके लिए यह सिर्फ एक मूर्ति नहीं बल्कि भगवान के बाल स्वरूप की बड़ी जिम्मेदारी भी है। लड्डू गोपाल को घर ले जाने वाले भक्तों को मांस और मदिरा से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। साथ ही घर का माहौल सात्विक रखना चाहिए और रोज उनकी पूजा करनी चाहिए।

2015 में लड्डू गोपाल ने बदल दी थी जिंदगी

मनोज सेंगर के मुताबिक साल 2015 उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट था। इसी साल किसी अजनबी व्यक्ति ने उन्हें लड्डू गोपाल की प्रतिमा दी थी। इसके बाद उनके जीवन और सोच में गजब का बदलाव आया। श्रीकृष्ण के प्रति उनकी आस्था इतनी गहरी हुई कि उन्होंने तय किया कि वह भी लोगों के घर लड्डू गोपाल पहुंचाएंगे। अब किसी की शादी हो या जन्मदिन वह उपहार में लड्डू गोपाल की प्रतिमा ही भेंट करते हैं।

योगी के PM बनने तक नहीं पहनेंगे चांदी के जूते

गूगल गोल्डन बाबा अपने 4.5 किलो वजनी भारी भरकम चांदी के जूतों के लिए भी चर्चा में रहे हैं। हालांकि फिलहाल उन्होंने इन जूतों को पहनना छोड़ दिया है। बाबा ने संकल्प लिया है कि जब तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री नहीं बन जाते तब तक वह इन चांदी के जूतों को दोबारा नहीं पहनेंगे। बाबा कहते हैं कि सोना पहनना उनकी पहचान हो सकती है लेकिन श्रीकृष्ण की भक्ति उनके लिए दुनिया में सबसे बड़ी है।