3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बहन के घर आने-जाने में की रेकी, सूना घर मिलते ही उड़ाए 15 लाख के जेवर, 200 CCTV कैमरों से खुला राज

Kanpur Police Arrest:कानपुर के रावतपुर स्थित सुदर्शन हाउसिंग सोसाइटी में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य अशोक कुमार के घर हुई 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपित सौरभ गौतम गिरफ्तार, जेवरात और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य के घर चोरी का आरोपित गिरफ्तार, जेवरात और नकदी बरामद

Kanpur Theft News:कानपुर के रावतपुर स्थित सुदर्शन हाउसिंग सोसाइटी में बीजेपी पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य अशोक कुमार के घर हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बुधवार रात बंबा रोड के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपित पहले इसी सोसाइटी में रह चुका था और उसकी बहन का घर भी यहीं है। बहन के घर आने-जाने के दौरान उसने अशोक कुमार के घर की रेकी की थी।23 अगस्त को लखनऊ से घर लौटे अशोक कुमार ने घर के तीन कमरों के ताले टूटे देखे थे। अलमारी में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। मामले में उनकी तहरीर पर कल्याणपुर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था।

15 लाख की चोरी के बाद पुलिस ने बनाई छह टीमें

पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य के घर चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने घटना के खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया। पुलिस के सामने आरोपित तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी।टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस ने करीब 200 कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसी दौरान मिले अहम सुराग ने जांच को आरोपित तक पहुंचा दिया।

बंबा रोड के पास दबोचा गया आरोपित

पुलिस ने गुरुवार को बंबा रोड के पास घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान विनायकपुर निवासी सौरभ गौतम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए।बरामद सामान में तीन अंगूठियां, मांग टीका, मंगलसूत्र, कान के टाप्स, चेन, कान की बालियां, पाजेब, पायल, बिछिया और कमरबंद शामिल हैं। पुलिस ने 100 ग्राम के चांदी के सिक्के भी बरामद किए हैं।

बहन के घर आने के बहाने रखता था गतिविधियों पर नजर

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी बहन का घर सुदर्शन हाउसिंग सोसाइटी में है। वह पहले भी इसी सोसाइटी में रहता था, इसलिए उसे इलाके और वहां रहने वाले लोगों की गतिविधियों की जानकारी थी।पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बहन के घर आने-जाने के दौरान अशोक कुमार के घर की रेकी की। उसने यह पता लगाया कि घर कब सूना रहता है। मौका मिलने पर उसने अकेले ही घर में घुसकर तीन कमरों के ताले तोड़े और जेवरात लेकर फरार हो गया।

चकेरी और कल्याणपुर समेत कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ चकेरी, कल्याणपुर समेत अन्य थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपित के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।कल्याणपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि आरोपित सौरभ गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। चोरी के मामले में बरामद जेवरात और नकदी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।