Bank Locker Case: सेंट्रल बैंक के बाद कानपुर में एक बार फिर बैंक लॉकर चोरी सामने आई। पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से करीब 15 लाख के जेवर गायब मिले।
कानपुर में हाल फिलहाल में सेंट्रल बैंक के 11 लॉकरों से साढ़े चार करोड़ के जेवरात चोरी होने का मामला किसी तरह ठंडा पड़ा था कि अब पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से 15 लाख के गहने गायब होने से हड़कंप मच गया। ये लॉकर निजी अस्पताल में काम करने वाले चीफ अकाउंटेंट का है। उन्होंने किदवई नगर थाने मे रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अफसरों के मुताबिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार जूही बारादेवी निवासी राजेश मिश्रा का पंजाब नेशनल बैंक की निराला नगर शाखा में लॉकर है। इसमें उन्होंने अपने, पत्नी, बेटे और पौत्रों के जेवर रखे थे। राजेश के मुताबिक जनवरी में इकलौते बेटे का निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी पत्नी शकुंतला ने बेटे और पौत्र के जेवर लॉकर से वापस लाने के लिए कहा। राजेश पांच साल बाद लॉकर ऑपरेट करने बैंक पहुंचे। उनके मुताबिक लॉकर में अलग से एक ताला लगाया था। जो लगा हुआ था मगर उसमें जंग लग गई थी। जैसे ही चाभी लगाई तो वह ऐसे खुल गया जैसे कभी बंद ही न हो। राजेश के मुताबिक लॉकर में रखा पत्नी का बेंदा, दो हार, बेटे की चेन, पौत्र व उनकी चेन, अंगूठी आदि जेवर थे जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। यह देखकर उनके होश उड़ गए। राजेश ने तुंरत किदवई नगर पुलिस से शिकायत की। दारोगा उनके साथ बैंक गए और लॉकर चेक किया।। उन्होंने शाखा प्रबंधक अमन से भी बात की।। लॉकर रजिस्टर भी मांगा ताकि पता चल सके कि आखिरी बार कब ऑपरेट किया गया था। हालांकि पुलिस अभी छानबीन कर रही है।
क्या बोले शाखा प्रबंधक
शाखा प्रबंधक अमन ने कहा कि लॉकर में अतिरिक्त ताला लगा था। 2015 के बाद लाकर पहली बार इसे ऑपरेट किया गया था।। राजेश को सलाह दी है कि घर पर भी चेक कर लें। शिकायत लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के साथ हम लोग भी रजिस्टर और रिकॉर्ड चेक रहे है।