कानपुर

मौत का आंकड़ा देख सीएम योगी सख्त, मुलायम के मित्र पर एफआईआर दर्ज

कानपुर नगर व देहात में 14 लोगों की मौत, सीएम ने डीएम-एसएसपी को दिए कार्रवाई के निर्देश

3 min read
May 21, 2018
मौत का आंकड़ा देख सीएम योगी सख्त, मुलायम के मित्र पर एफआईआर दर्ज

कानपुर। सजेंडी और रूरा थानाक्षेत्र में दो दिन में 14 लोगों की शराब पीने से मौत हो गई। जिसके चलते कानपुर से लेकर लखनऊ में हडकंप मच गया। पूरे प्रकरण पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही सरकारी ठेकों से जहरीली शराब बिकवाने में सपा के पूर्व मंत्री रामस्वरूप सिंह और उनके दो पौत्रों के नाम आने पर इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने का फरमान सुना दिया है। पुलिस ने पूर्व मंत्री पर मामला दर्ज करते हुए उनके दोनों पौत्र विनय सिंह, नीरज सिंह समेत पांच अन्य लोगों अरेस्ट कर लिया।
सीएम सख्त, एक्शन में अफसर
कानपुर नगर व देहात में जहरीली शराब का सेवन करने से शनिवार को छह तो रविवार और सोमवार को एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया तो पहीं रूरा में छल लोग काल के गाल में समा गए। 14 लोगों की मौत की जानकारी मिलने पर सीएम ने कमिश्नर, डीएम और एसएसपी से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशी शराब की दुकान की आड़ में जहरीली शराब बेचने के पीछे बड़ा षडयंत्र है। इसकी गहनता से छानबीन कराई जा रही है। इसके निर्देश कानपुर नगर, कानपुर देहात प्रशासन को दिए गए हैं। मामले में अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। जिन अफसरों की लापरवाही सामने आएगी, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। सीएम के आदेश पर जिला प्रशासन ने नगर और देहात के दो आबकारी निरीक्षक समेत 5 लोगों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें कानपुर नगर के आबकारी निरीक्षक मनीष कुमार एवं प्रधान आबाकीर सिपाही रामप्रकाश दीक्षित, कानपुर देहात के आबकारी निरीक्षक नंद कुमार मिश्रा, प्रधान आबकारी सिपाही अनिल दोहरे और निलेश कुमार शामिल हैं।
28 लोग अभी करा रहे इलाज
सरकारी ठेके की देशी शराब ने रविवार को आठ और लोगों की जान ले ली थी। 28 की हालत गंभीर है। मरने वालों में कानपुर नगर के सचेंडी के दो और कानपुर देहात के रूरा के पांच और शिवली का एक शामिल हैं। रूरा में शनिवार देर रात भी एक शख्स की जहरीली शराब से मौत हो गई थी, जबकि संचेडी में पांच लोगों की जान गई थी। दो दिन में शराब पीने से मरने वालों की संख्या 14 हो गई है। 28 लोगों को गंभीर हालत में हैलट में भर्ती कराया गया है। उर्सला में 5 को भर्ती कराया गया है। इसके अलावा भी कई और लोग बीमार हैं। चपेट में आए लोगों में से कुछ को दिखाई देना बंद हो गया है।
सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब भेजे
फोरेंसिक टीम ने ठेके और पीड़ितों से जुटाए सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब भेजे हैं। जांच से ही स्पष्ट होगा कि किस चीज की मिलावट ने शराब को जानलेवा बना दिया। कानपुर देहात के डीएम राकेश कुमार सिंह के मुताबिक घटना की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। ठेकेदार व सेल्समैन के विरुद्ध आबकारी निरीक्षक की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। देहात जिले के सभी ठेकों की जांच के निर्देश दिए हैं। आबकारी निरीक्षक नंद किशोर मिश्रा की तहरीर पर शराब बिक्री के लाइसेंसी सतीश व उसके सेल्समैन के खिलाफ केस दर्ज करते हुए पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है। 14 मौतों के बाद एसएसपी अखिलेश कुमार ने जहरीली, मिलावटी और कच्ची शराब के खिलाफ पूरे जिले में अभियान चलवाया। पूरे दिन थानों की पुलिस छापे मारती रहीं। कई स्थानों पर सेल्समैन दुकानें बंद करके भाग निकले तो कुछ स्थानों पर सेल्समैन से पूछताछ की गई।
पकडा़ गया था शराब से भरा ट्रक
रामस्वरूप सिंह के नातियों विनय और नीरज के अवैध कारोबार को सियासी संरक्षण हासिल था। यही नहीं, वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज की एक ट्रक अवैध शराब पकड़ी गई थी। इस मामले में विनय गिरफ्तार भी हुआ लेकिन जमानत पर बाहर आ गया। रूरा में इनके घर पर हरियाणा और हिमाचल से शराब के ट्रक आते थे। घर के पीछे गोशाला के पास कई बार शराब बनाई भी जाती थी। मंडौली गांव के जिस ठेके की शराब को पीकर लोगों की मौत हुई, उस ठेके का संचालन भी विनय के पास ही था। यही नहीं, एक महीने पहले ही तिलसड़ा चौकी के पास से बरामद शराब में इनके गुर्गे शामिल थे। पुलिस ने शनिवार रात जब विनय के घर पर छापेमारी की तो वहां से 28 पेटी अंग्रेजी, 5 पेटी देसी शराब के अलावा केमिकल भी मिला।
इन लोगों की हुई गिरफ्तारी
कानपुर नगर पुलिस ने विनय सिंह, नीरज सिंह, सत्येंद्र सिंह, संदीप यादव, रामू शर्मा, मोनू कश्यप और मंजूर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, नीरज की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कानपुर देहात के मंडौली गांव के सेल्समैन सरवन की गिरफ्तारी की पुष्टि आबकारी अधिकारी हेमंत चौधरी ने की है। सचेंडी के धूल गांव के लाइसेंसधारक श्यामबालक और श्याम गुप्ता की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। कानपुर देहात में घटना से संबंधित 3 रिपोर्ट में 6-7 लोग नामजद किए गए हैं। दोनों जिलों में दर्ज मुकदमों की जांच कानपुर नगर पुलिस करेगी। कानपुर पुलिस ने शनिवार रात ही सचेंडी के बिनौर के देसी ठेके में छापा मारकर 59 पेटी शराब बरामद की है। नंदकिशोर और महेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। ये शराब माधुरी के बैच नंबर- 442 की है।

ये भी पढ़ें

IIT KANPUR- ने कर दिया कमाल, चूहों-सुअरों से इजाद किया कृत्रिम लिवर
Published on:
21 May 2018 04:35 pm
Also Read
View All