
Kanpur Guru Gobind Singh Controversy:उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरु गोविंद सिंह और सिख समुदाय पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। मंगलवार को सिख समुदाय के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। डेढ़ सौ से ज्यादा की संख्या में पहुंचे लोगों ने फजलगंज थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। नाराज लोगों ने थाने के गेट पर ही नारेबाजी की। मामले की गंभीरता और हंगामे को देखते हुए पांच थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया है।
हंगामा बढ़ता देख ACP ज्योति श्री और थाना प्रभारी ने सिख समुदाय के लोगों को समझाने बुझाने की काफी कोशिश की। लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपी के घर बुलडोजर चलाने और उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कालपी रोड पर बैठकर जाम लगा दिया और वहीं 'वाहे गुरु' का जाप करने लगे। धरने और प्रदर्शन की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे सिख समुदाय के लोगों का कहना है कि अजय सिंह नाम के व्यक्ति ने उनके गुरु पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए और उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे देश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सिख समुदाय के लोगों का कहना है कि आरोपी ने खुद को BJP नेता बताया है।
आपको बता दें कि यह पूरा विवाद रविवार शाम को शुरू हुआ था। आरोप है कि अजय सिंह ने शास्त्री नगर में रहने वाले रेस्टोरेंट संचालक हरप्रीत सिंह को फोन किया और गुरु गोविंद सिंह के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। इस बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आ चुकी है। इसी को लेकर सोमवार रात साढ़े दस बजे भी बड़ी संख्या में सिख संगठन के पदाधिकारियों ने फजलगंज थाने का घेराव किया था और मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद मंगलवार सुबह यह प्रदर्शन और भी ज्यादा उग्र हो गया। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की तरफ से लोगों को शांत कराने का प्रयास लगातार जारी है।