कानपुर

चौराहे का नाम ‘तिरंगा’ रखा तो घर पहुंची पुलिस? युवक ने लगाए मारपीट और सीसीटीवी तोड़ने के आरोप,वीडियो वायरल

Kanpur News:कानपुर के कल्याणपुर में 'तिरंगा चौराहा' नामकरण को लेकर विवाद गहरा गया। युवक ने पनकी रोड चौकी इंचार्ज पर घर में घुसकर मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया। वायरल वीडियो के बाद डीसीपी पश्चिम ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।
2 min read
Jul 13, 2026
Kanpur News
कल्याणपुर के पनकी रोड स्थित तिरंगा चौराहा - फोटो स्रोत: पत्रिका

Tiranga Chauraha Kanpur Controversy: कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक चौराहे का नाम 'तिरंगा चौराहा' रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और युवक के बीच गंभीर आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। युवक ने आरोप लगाया है कि नामकरण का विरोध होने के बाद शनिवार रात पनकी रोड चौकी इंचार्ज अपने साथी दरोगा के साथ उसके घर पहुंचे, जहां उसके साथ मारपीट की गई और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया है।

तिरंगा चौराहा नामकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद

पनकी रोड स्थित सीएनजी चौराहे के पास रहने वाले रिंकू सिंह का कहना है कि उनके घर के पास विकसित हो रहे चौराहे का नाम उन्होंने 'तिरंगा चौराहा' रखा था। उनका आरोप है कि क्षेत्र के कुछ लोगों ने इस नाम का विरोध किया। इसी विवाद के बाद शनिवार रात हालात और बिगड़ गए।

रिंकू सिंह का आरोप है कि पनकी रोड चौकी इंचार्ज विपिन मोरल और दरोगा वरुण उनके घर पहुंचे। उन्होंने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की, जबकि साथ मौजूद पुलिसकर्मी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि घटना के दौरान बनाए गए वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ी हलचल

घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई। स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि पत्रिका.कॉम नहीं करता है।

पुलिस का पक्ष भी आया सामने

डीसीपी पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने बताया कि रिंकू सिंह के खिलाफ स्थानीय नेता सहित कई लोगों ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वह चौराहे का नाम बदलकर क्षेत्र में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा था। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान किया था।

डीसीपी के अनुसार, युवक द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाए गए घर में घुसकर मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
13 Jul 2026 01:35 pm
Published on:
13 Jul 2026 01:35 pm