कानपुर

2019 से पहले फिर दहाड़े डिप्टी सीएम, लोकसभा चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान, अखिलेश यादव को भी दी सलाह

भाजपा को 370 सीटें जितवाकर दें, हम जम्मू-कश्मीर से धारा 370 कानून को खत्म कर देंगे...

2 min read
Dec 30, 2017
UP deputy CM Keshav Prasad Maurya statement on Lok Sabha Chunav news
2019 से पहले फिर दहाड़े डिप्टी सीएम, लोकसभा चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान, अखिलेश यादव को भी दी सलाह

कानपुर. जिस तरह से यूपी विधानसभा चुनाव के वक्त बतौर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने जीत का बिगुल फूंका था, उसका अगाज उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 से पहले कानपुर से कर दिया। देर शाम डिप्टी सीएम सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर सभागार में नवनिर्वाचित मेयर व पार्षदों के सम्मान में आयोजित अटल अलंकरण समारोह में शामिल हुए। यहां वे यूपीकोका और धारा 370 पर खुलकर बोले। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में आप भाजपा को 370 सीटें जितवाकर दें, हम जम्मू-कश्मीर से धारा 370 कानून को खत्म कर देंगे। अभी हमारे पास इस कानून को हटाने के लिए पर्याप्त सांसद नहीं है। इसलिए अभी से जाकर जनता के लिए काम करेंगे और पीएम मोदी व सीएम योगी के कार्यो को जन-जन तक पहुंचाएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि यूपी की 16 नगर निगमों में से 14 पर कमल खिला और अब 80 लोकसभा जीतने का टारगेट हमें लेकर चलना है। केंद्र, राज्य व शहर में भाजपा की सरकार है, इसलिए जनता की समस्याएं निपटाएं और जो अफसर काम पर बाधा डाले उसकी शिकायत सीधे हमसे करें।

370 सांसद जितवाने की रखी डिमांड

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम देरशाम कानपुर पहुंचे और यहां कई कार्यक्रमों में भाग लिया। शाम को वह मर्चेंट चैंबर सभागार में नवनिर्वाचित मेयर व पार्षदों के सम्मान में आयोजित अटल अलंकरण समारोह में शामिल हुए। यहां डिप्टी सीएम ने सभी को सम्मानित किया और फिर अपने संबोधन में अखिलेश यादव पर सीधा जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि सपा परिवार को उत्तर प्रदेश कंट्रोल ऑफ आर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (यूपीकोका) से घबराने की जरूरत नहीं है। यूपीकोका प्रदेश में संगठित अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए लाया गया है। भले ही वे भूमाफिया, नकल माफिया अथवा खनन माफिया हों। साथ ही डिप्टी सीएम ने धारा 370 हटाने पर कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के 370 सांसद जनता जिताकर संसद भेजती है तो मोदी सरकार इस कानून से देश के लोगों को मुक्ति दिला देगी।


अखिलेश जी बिना वजह भयभीत न हों

यूपीकोका कानून पर डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बिना पढ़े बयानबाजी कर रहे हैं। अखिलेश जी आप इससे भयभीत न हों। यह कानून, माफियाओं और अपराधियों के लिए बनाया गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा की ऐसी फितरत नहीं रही है के वह कानून के जरिए किसी राजनीतिक दल को डराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का अपराध यदि एकजुट होकर किया जाता पाया गया तो यह कानून उन्हें छोड़ेगा नहीं। भाजपा किसी राजनीतिक लाभ के लिए इस कानून का इस्तेमाल नहीं करेगी और खनन, भूमाफियाओं की पैरवी करने वालो को छोड़ेगी भी नहीं। सपा के संरक्षण में पले अपराधियों के लिए यूपीकोका खलनायक साबित हो सकता है। उन्हें अब अपराध को छोड़ना ही पड़ेगा नहीं तो यूपीकोका उन्हें निपटाएगा।


कानपुर के लिए स्वर्णिम काल

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नवनिर्वाचित महापौर प्रमिला पांडेय और पार्षर्दों से कहाकि कानपुर के लिए यह स्वर्णिम काल है। शहर से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है। इस शहर के विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर का जो रुतबा कुछ दशक पहले था, आने वाले वर्षों में उससे कहीं अधिक ऊंचा होगा। बिल्हौर के पत्रकार नवीन गुप्ता की हत्या का खुलासा न होने के सवाल पर उन्होंने भरोसा दिया कि इस पर मुख्यमंत्री तक गंभीर हैं। पुलिस को सही खुलासे का टास्क दिया गया है। इस पर काम हो रहा है। जल्द ही हत्यारोपी सामने होंगे।

Published on:
30 Dec 2017 10:22 am