Kanpur news: कुख्यात अपराधी विकास दुबे के भाई दीपक दुबे का तीन करोड़ का घर जब्त होगा। प्रशासन रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंप दी।
कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड के मुख्य आरोपित विकास दुबे के बाद उसके परिजनों पर भी कार्रवाई तेज हो गई है। विकास की पत्नी ऋचा दुबे के बाद भाई दीपक दुबे का लखनऊ स्थित आलीशान घर भी जब्त किया जाएगा। इसकी कीमत तीन करोड़ रुपये है। पुलिस ने सत्यापन करने के बाद डीएम को रिपोर्ट भेज दी है। इसके साथ ही कानपुर आउटर पुलिस ने विकास के गुर्गे रहे जयकांत बाजपेई की कुछ और सम्पत्तियां भी खोज निकाली है, फिलहाल उसका सत्यापन चल रहा है। मालूम हो कि विकास दुबे की करोड़ों की सम्पत्तियां प्रशासन पहले ही सीज कर चुका है। दो जुलाई 2020 की देर रात बिकरू में तत्कालीन सीओ देवेंद्र मिश्र समेत आठ पुलिसकर्मियों की विकास और उसके गुर्गों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने छह आरोपितों को एनकाउंटर में मार गिराया था। घटना में विकास का साथ देने वाले 42 लोग जेल में बंद हैं। कानपुर आउटर पुलिस लगातार आरोपितों की सम्पत्तियों की तलाश कर रही है।
फाइनेंसर जय की मिली नई सम्पत्तियां
विकास का फंड मैनेजर रहा जयकांत बाजपेई जेल में बंद है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के केस की जांच के दौरान आठ से दस और संपत्तियां पता की हैं जिसका सत्यापन चल रहा है। इसमें कुछ प्लॉट और मकान भी हैं। दो-तीन ऐसी संपत्तियां हैं, जो जय ने करीबी व रिश्तेदारों के नाम से खरीदी थीं। यह भी जब्त की जाएंगी।
अब तक 67 करोड़ की सम्पत्ति जब्त
तेज स्वरूप सिंह, एसपी कानपुर आउटर के अनुसार विकास दुबे ने अपराध से अर्जित पैसे से लखनऊ में मकान बनाया था जो उसने भाई को दे दिया। पुलिस ने सत्यापन करा लिया है। डीएम के यहां रिपोर्ट भेजकर इसे जब्त किया जाएगा। इसके अलावा जयकांत की कुछ और सम्पत्तियों के बारे में जानकारी मिली है। उनका सत्यापन जारी है। दो साल से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है जिसमें विकास दुबे की 67 करोड़, जयकांत की 2.97 करोड़ और विष्णुपाल की सात लाख की संपत्ति अब तक जब्त की जा चुकी है।