Weather update कानपुर में न्यूनतम तापमान कहर बरपा रहा है। कड़ाके की ठंड और शीत लहर आफत बनकर टूट रही है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
UP weather forecast: कानपुर में मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां तापमान लगातार सामान्य से कम बना हुआ है। दूसरी तरफ कोहरे का कहर भी देखने को मिल रहा है। फुटपाथ पर जीवन यापन करने वालों के लिए आग सहारा बनी हुई है। आईएमडी से मिली जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 2002 में तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में मौसम के और भी खराब होने का अनुमान है। कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है। आज 12, 13 और 14 दिसंबर को सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी में कमी आएगी।
मौसम विभाग ने 20 जिलों के लिए घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है। जिसमें देवरिया, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, लखनऊ, सीतापुर, बरेली, महाराजगंज, शाहजहांपुर आदि जिले शामिल हैं। आसपास के इलाकों में भी कोहरे का असर दिखाई पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसका असर क्षेत्र के मौसम में पड़ेगा। अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वी दिशा से आने वाली हवाओं का भी असर दिखाई पड़ेगा। जिसके कारण मौसम में परिवर्तन आएगा। छुटपुट बारिश होने की संभावना है।
कानपुर में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच रहा है। 11 दिसंबर 2002 को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पहुंच गया था। जबकि 11 दिसंबर 2025 का ही तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम है। पिछले कई दिनों से कानपुर का तापमान प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया जा रहा है। सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। ठंड भी बढ़ेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर गंगा के मैदानी भागों पर भी पड़ेगा। उत्तर और पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी।