
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के विकास नगर में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो एआरटीओ आवास के गार्ड रूम और मुख्यद्वार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गार्ड रूम का टीन शेड और मुख्य गेट के पल्ले टूटकर दूर जा गिरे। घटना के बाद स्कार्पियो सवार युवकों और गार्ड के बीच मारपीट भी हो गई। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी राजेश राजपूत वर्तमान में मथुरा में एआरटीओ पद पर तैनात हैं। वह करीब दो वर्ष पहले कानपुर में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी शीला राजपूत और दो बच्चे हैं। बताया गया कि शीला राजपूत शुक्रवार को मथुरा गई थीं और रविवार रात ही कानपुर स्थित आवास पर लौटी थीं।इसी दौरान रात करीब दो बजे तेज रफ्तार स्कार्पियो हॉर्न बजाते हुए एआरटीओ आवास के गार्ड रूम को तोड़ते हुए मुख्यद्वार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गार्ड रूम का टीन शेड और गेट के पल्ले उड़कर काफी दूर जा गिरे। बताया गया कि हादसे से महज दो मिनट पहले गार्ड रायबरेली निवासी राम सुमेर पानी पीने के लिए आवास के भीतर चला गया था, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर गार्ड राम सुमेर बाहर आया और स्कार्पियो सवार युवकों से घटना के बारे में पूछताछ करने लगा। आरोप है कि नशे में धुत दो युवकों ने गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद गार्ड ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कार्पियो सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हालांकि बाद में इलाके के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और किसी भी पक्ष ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी की ओर से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
16 Mar 2026 09:28 pm
Published on:
16 Mar 2026 09:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
