
कानपुर। सीएनजी पंप लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कल्याणपुर के गूबा गार्डन, देवी सहाय नगर निवासी बच्चू सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी कमलेश के नाम राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ग्राम चौनेपुर पक्खन, पोस्ट चौबेपुर, तहसील बिल्हौर में जमीन है। आरोप है कि 3 जुलाई 2024 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अपूर्व मिश्रा ने उनसे संपर्क किया और खुद को गैस कंपनी से जुड़ा बताते हुए उस जमीन पर सीएनजी पंप लगवाने का प्रस्ताव दिया।
पीड़ित के मुताबिक, अपूर्व मिश्रा ने अपने सहयोगियों अक्षय मिश्रा, तनूजा पटवाल, गुंजन शुक्ला, मोहम्मद फारुकी, राजकुमार शर्मा, तरुण पंत और पूरन सिंह के साथ मिलकर उन्हें भरोसे में लिया। आरोपियों ने कहा कि सीएनजी पंप लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और भूमि की श्रेणी परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी।
आरोप है कि 5 जुलाई से 13 नवंबर 2024 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से कुल 8 लाख 79 हजार 929 रुपये विभिन्न खातों में जमा करा लिए। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपये नकद भी ले लिए। पीड़ित को भरोसा दिलाया गया कि सभी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही सीएनजी पंप का काम शुरू हो जाएगा।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। जब उनसे पैसे वापस मांगे गए तो आरोपियों ने एक चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई लोगों को इसी तरह सीएनजी पंप लगवाने का झांसा देकर ठगी कर चुके हैं।
थाना प्रभारी कल्याणपुर संतोष सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आठों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
15 Mar 2026 10:40 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
