कानपुर

बिठूर से योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों?

Bithoor Development Projects:वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में 411 करोड़ रुपये से अधिक की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। सीएम योगी ने निवेश, रोजगार, तकनीक और सांस्कृतिक विरासत पर जोर दिया।
3 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 2:57 PM IST
yogi adityanath
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो-Avanish Kumar)

Yogi Adityanath: कानपुर में महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि बिठूर में विकास की सौगात देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखे सियासी वार किए। बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरते हुए उन्होंने सवाल किया कि उन्हें घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है? मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में दो मियां हैं- एक छोटे मियां और दूसरे बड़े मियां। उन्होंने आरोप लगाया कि ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं, जबकि दलितों, वंचितों, गरीबों, अन्नदाता किसानों और युवाओं का अपमान करते हैं।सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

बिठूर की धरती से इतिहास और विरासत का संदेश

मुख्यमंत्री ने बिठूर की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती ने महर्षि वाल्मीकि की तपस्या की परंपरा को देखा है। वर्ष 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम में नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे ने भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण केवल सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि ज्ञान, मर्यादा और लोककल्याण की ऐसी परंपरा है, जो पीढ़ियों से समाज को दिशा दे रही है। प्रभु श्रीराम और निषादराज की मित्रता का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों पर जोर दिया।

भदोही के नाम पर सपा को घेरा

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में भदोही के नाम से सद्गुरु रविदास का नाम हटा दिया गया था। उन्होंने कहा कि अब भदोही का नाम फिर से संत रविदास नगर भदोही कर दिया गया है।

दंगाइयों का उपचार सिर्फ भाजपा की डबल इंजन सरकार के पास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दोनों दलों की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने सपा को दंगा, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और अराजकता से जोड़ते हुए कहा कि दंगाइयों का उपचार केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार के पास है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सपा शासन पर उठाए सवाल, कानून-व्यवस्था को बनाया मुद्दा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था प्रभावित रही और अपराधियों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता दी है। सरकार का लक्ष्य आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और युवाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, जिससे प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ सके।योगी ने सपा की राजनीति को दंगा और अराजकता से जोड़कर पेश किया। उनके बयान में कानून-व्यवस्था का मुद्दा प्रमुख रहा। मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की नीतियों को विपक्षी दलों की राजनीति से अलग बताते हुए सुशासन और सुरक्षा को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया।

कांग्रेस को बताया मानसिक रूप से दिवालिया

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मानसिक रूप से दिवालिया बताते हुए उसके राजनीतिक रवैये की आलोचना की।योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद तथा तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश को ऐसी राजनीति के बजाय विकास, सुशासन और जनकल्याण की जरूरत है।

विकास और जनसुविधाओं पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और नवाचार के जरिये युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करना नए उत्तर प्रदेश के विकास का संकल्प है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर विरासत के सम्मान, विज्ञान और विकास को पर्याप्त महत्व नहीं देने का आरोप भी लगाया।योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं को प्रदेश में ही आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। बिठूर में 48 परियोजनाओं की सौगात को उन्होंने इसी विकास दृष्टि का हिस्सा बताया।

Updated on:
26 Oct 2026, 2:57 PM IST
Published on: