कानपुर

घोड़ी पर सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, अचानक फिर हुआ कुछ ऐसा कि बैरंग लौटी बारात

एक गरीब परिवार ने बेटी के हांथ पीले करने के सपने देखे थे लेकिन दूल्हा वोलों ने खाना स्वादिष्ट न होने की बात कहते हुए भला बुरा कहकर हंगामा खड़ा कर दिया।
2 min read
young girl refuse to marriage

कानपुर देहात. जहां शादी संबंध बनाने में लोगों को अरसे का समय लगता है। वहीं समाज मे कुछ ऐसे लोग भी है, जो रिश्ते बनाने की बजाए क्षण भर में रिश्ते तोड़ देते है। जब दहेज को लेकर रिश्ते बिगड़ते है तो लोग समझ लेते है कि लालच के दीमक ने जकड़ लिया है लेकिन जब किसी विवाह कार्यक्रम में सिर्फ स्वादिष्ट खाने को लेकर बात बिगड़ जाए तो इसे नासमझी ही कहा जा सकता है ऐसा ही एक मामला मंगलपुर थाना क्षेत्र के किशौरा में सामने आया है, जहां गांव में एक गरीब परिवार ने बेटी के हांथ पीले करने के सपने देखे थे लेकिन दूल्हा के परिवारीजनों ने खाना स्वादिष्ट न होने की बात कहते हुए भला बुरा कहकर हंगामा खड़ा कर दिया।

जनातियों-बरातियों में संघर्ष

जिसके बाद जनातियों-बरातियों में संघर्ष हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट के साथ एक दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी गईं। इससे दोनों पक्षों से कई लोग चुटहिल भी हुए। बवाल बढ़ता देख बराती एक एक कर वहां से खिसक गए। जहां हांथ में मेहंदी रखे बैठी दुल्हन पिया के घर जाने का इंतजार कर रही थी वहीं कार्यक्रम में दूल्हा पक्ष के लोगों का उपद्रव देख नाराज दुल्हन के फेरे लेने से इंकार कर दिया। दुल्हन की बात सुनकर कार्यक्रम स्थल पर अफरा- तफरी मच गई। दोनों पक्षों को लेकर पंचायत की गई लेकिन दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही जिसके चलते बात नहीं बन सकी और बारात को बिना दुल्हन वापस घर लौटना पड़ा।

दुल्हन ने विवाह करने से किया इंकार

मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी बहन का विवाह गोपाल नगर कानपुर निवासी नीलेश उर्फ धीरज पुत्र राज नारायण के साथ तय किया था। दूल्हा नीलेश धूमधाम से बरात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचा। रात में द्वारचार के बाद जयमाल का कार्यक्रम हुआ। इसी बीच दूल्हे की बहन संगीता पत्नी संदीप ने नाश्ता बेहद खराब होने तथा खाना स्वादिष्ट न होने का आरोप लगा प्लेट फेंक दी। इस पर जनातियों-बरातियों में कहा सुनी होने के साथ मारपीट होने लगी। देखते ही देखते एक दूसरे पर कुर्सियां फेंके जाने से कई लोग चुटहिल हो गए। बाद में घटना से व्यथित दुल्हन ने विवाह करने से इंकार कर दिया। इससे दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्गों ने पंचायत कर बात बनाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की की जिद के आगे उनकी एक न चली।

बरात बिन दुल्हन के लौट गई

फेरे न लेने के निर्णय पर अडिग लड़की का कहना था कि अभी विवाह में यह व्यवहार है तो आगे क्या होगा। खैर, लड़की के साहस के सामने किसी की कुछ नहीं चली। इस पर दूल्हे के पिता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद दोनों पक्षों को थाना मंगलपुर में बुलाकर फिर से बातचीत शुरू कराई गई। समाधान न निकलने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी लेनदेन कर बिन दुल्हन बरात बैरंग लौट गई। मंगलपुर एसओ भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया की रात में बरातियों व जनातियों के बीच मारपीट की सूचना पर झींझक चौकी का फोर्स भेजा गया था। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद बरात बिन दुल्हन के लौट गई। उन्होने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।

Published on:
14 May 2018 05:17 pm