
करौली. परीक्षा में कुल 27 हजार 60 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे, जिनके लिए करौली जिला मुख्यालय और हिण्डौन उपखण्ड मुख्यालय पर कुल 14 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें करौली जिला मुख्यालय पर 9 तथा हिण्डौन में 5 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश प्रसाद गौड़ को समन्वयक बनाया गया है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सर्वेश कुमार गुप्ता अतिरिक्त समन्वयक बनाए गए हैं।
परीक्षा के अतिरिक्त समन्वयक सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) का आयोजन 1 दिसम्बर से 3 दिसम्बर तक होगा। प्रतिदिन दो पारियों में परीक्षा सम्पन्न होगी। इस प्रकार कुल 6 पारियों में परीक्षा का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पारी में कुल 4510 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 6 पारियों में 27 हजार 60 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। इनके लिए कुल 14 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रथम पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 तक तथा द्वितीय पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होगी। सुबह की पहली पारी में परीक्षार्थियों का परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश सुबह 9 बजे तक दिया जाएगा। जबकि दोपहर की पारी में परीक्षार्थियों को दोपहर 2 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। यानि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले तक प्रवेश की अनुमति होगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष सम्पन्न कराने के लिए सभी केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी रहेंगी। अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी, बायोमैट्रिक, फ्रिस्किंग होंगी। इसके साथ ही निर्धारित ड्रेस कोड भी लागू रहेगा, जो प्रवेश पत्र पर अंकित है। परीक्षा के लिए केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक, डिप्टी कॉर्डीनेटर, सतर्कता दलों का गठन कर दिया गया है।
परीक्षा को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में ब्रीफिंग सत्र का आयोजन हुआ। इसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर व परीक्षा समन्वयक जगदीशप्रसाद गौड़ ने संबंधित अधिकारियों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों व परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी परीक्षा संबंधी नियमों का पालन कराएं और आपसी समन्वय से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा का संचालन किया जाए। इस दौरान परीक्षा के अतिरिक्त समन्वयक सर्वेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।