करौली

भाजपा का मोदी चेहरा, विपक्ष में पीएम के अनेक दावेदार

भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ,प्रधानमंत्री की सभा की तैयारियों का लिया जायजा BJP's Modi face, PM's many contenders in opposition, In the meeting of the BJP workers, the preparations for the meeting of the Union Minister, Prakash Javadekar, the Prime Minister's meeting
2 min read
Apr 28, 2019
hindaun karauli news
भाजपा का मोदी चेहरा, विपक्ष में पीएम के अनेक दावेदार

हिण्डौनसिटी. केन्द्रीय मंत्री व भाजपा के प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावडेकर ने दावा किया है कि इस बार प्रदेश में 25 और देश भर में 300 से अधिक सीटें भाजपा अपने दम पर जीतेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी के अलावा प्रधानमंत्री पद के कई दावेदार हैं, जबकि भाजपा का एक मात्र चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वे बोले कि स्टेशन पर चाय बेचने वाले मोदी मेहनत और लगन के बल पर प्रधानमंत्री बने हैं। जावड़ेकर ने ठेठ देशी अंदाज में कहा कि जिसका छोरा न छोरी ,घर न परिवार और पांच साल में एक दिन भी छुट्टी नहीं ली। उनके लिए तो पूरा राष्ट्र परिवार के समान है। इसलिए आमजन ने तय कर लिया है कि फिर से देश में मोदी सरकार बनानी है।


जावड़ेकर रविवार को यहां करौली रोड स्थित गणेशम् रिसोर्ट में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पांच वर्ष में पक्के मकान, चार करोड़ घरों में बिजली कनेक्शन, छह करोड़ महिलाओं को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन, नौ करोड़ घरों में शौचालय निर्माण, 35 करोड़ नए बैंक खाते खुलवाए है। जिनमें 355 योजनाओं के 4 लाख 35 हजार करोड़ रुपए गरीबों के खाते में सीधे पहुंचाए हैं।

जावड़ेकर ने प्रदेश की गहलोत सरकार पर निशाना साधा कि विधानसभा चुनाव में किसानों की कर्ज माफी और बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ते देने का वादा साढ़े तीन माह बाद भी पूरा नहीं हुआ है। इतना ही नहीं वसुंधरा सरकार के कार्यकाल की भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना को बंद कर दिया और केन्द्र की आयुष्मान योजना को मंजूरी नहीं दी है। जिससे लोग गुस्सा हैं, और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहेे हैं।


पांच बार बत्ती गुल, कहा गहलोत सरकार का हाथ-
करीब डेढ़ घंटे चली बैठक के बीच पांच बार बिजली गुल हो गई। इससे कुछ समय तक के लिए जावड़ेकर को मोबाइल व वीडियो कैमरों की रोशनी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करना पड़ा। बार-बार बिजली गुल होने पर उन्होंने कहा कि इसमें गहलोत सरकार का हाथ है। बिजली कटवा बैठक में व्यवधान डाला जा रहा है।


सभा स्थल पर किया भूमि पूजन-
जावड़ेकर ने कृषि उपल मंडी के पास स्थिति 52 बीघा भूमि में पीएम की प्रस्तावित सभा स्थल पर भूमि पूजन किया। पंडित के मंत्राच्चार पर जावेडकऱ ने भूमि पर जल, पुष्प,अक्षत व मिष्ठान चढ़ा कर पूजन किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विष्णु कुमार गुप्ता से सभा स्थल पर पाण्डाल व तीन हैलपेड निर्माण को लेकर चर्चा की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, युवा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सैनी, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, राजकुमारी जाटव, जिलाध्यक्ष हेमेंद्र वशिष्ठ सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

विपक्ष जीते तो सब ठीक, वरना ईवीएम खराब-
केन्द्रीय मंत्री जावड़ेकर ने ईवीएम मशीन को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कहा कि जब विपक्ष जीतता है तो ईवीएम सही रहती है और हारते है तो खराब होने का शोर मचाया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मजबूती से सत्ता में आने की आहट से यह विपक्ष की हताशा है।


वोटर तो पटा हुआ है, बस बूथ तक लाना है
जावड़ेकर ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि उन्हें वोटर को पटाने की जरुरत नहीं है। वोटर तो केन्द्र सरकार की योजनाओं से पहले ही पटाया हुआ है। बस मतदान के दिन वोटर को सुबह 11 बजे पहलेे बूथ तक लाने पर जोर शोर से जुटना है।

Updated on:
28 Apr 2019 10:44 pm
Published on:
28 Apr 2019 10:44 pm