31 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यूपी में सड़क हादसा; अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे राजस्थान के छह लोगों की मौत; 20 घायल

Kasganj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कासगंज में बड़ा सड़क हादसा हो गया। अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जा रही राजस्थान के लोगों से भरी पिकअप की ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं।
2 min read
Google source verification
Kasganj Road Accident

Kasganj Road Accident (Photo-Patrika)

आगरा/करौली। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली सदर क्षेत्र में मोहनपुरा के पास शिव इंटर कॉलेज के सामने राजस्थान से जा रही एक पिकअप की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें सात बच्चे, छह महिलाएं और सात पुरुष बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है।

करौली से सोरों जा रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के करौली जिले से परिवार के लोग पिकअप में सवार होकर अस्थि विसर्जन और गंगा स्नान के लिए तीर्थनगरी सोरों जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पिकअप मोहनपुरा के पास शिव इंटर कॉलेज के सामने पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

पुलिस और स्थानीय लोगों ने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जिला अस्पताल में घायलों की जांच के बाद नौ लोगों की हालत गंभीर पाई गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे में सात बच्चों के घायल होने के बाद अस्पताल में परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई।

पशु आहार लेकर जयपुर जा रहा था ट्रक

पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल ट्रक शाहजहांपुर से पशु आहार लेकर जयपुर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के रॉन्ग साइड आने और पिकअप चालक को झपकी लगने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक किस परिस्थिति में रॉन्ग साइड आया, पिकअप चालक को वास्तव में झपकी लगी थी या नहीं, वाहनों की गति कितनी थी और सड़क की स्थिति कैसी थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

छह मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उमेश पुत्र बबलू (26), निवासी ग्राम रेवई, करौली; प्रेम पत्नी तेजराम (50), निवासी नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, करौली; नेहरू पुत्र रामखिलाड़ी (25), निवासी नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, करौली; रीना पत्नी करमवीर (32), निवासी सलेमपुर कला, भरतपुर; अंजलि पत्नी मनीष (26), निवासी रेवई, थाना महुआ इब्राहिमपुर, करौली और रामजीत/रंजीत पुत्र तेजराम (33), निवासी नथौली का पुरा, थाना हिंडौन, करौली के रूप में हुई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

कासगंज हादसे की सूचना राजस्थान में मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन कासगंज के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार के साथ ही मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।