करौली

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल का ट्रेन में छूटा बैग, फिर जो हुआ वो…

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल का ट्रेन में छूटा बैग, फिर जो हुआ वो...
2 min read
Dec 23, 2018
Central Minister Piyush Goyal lost bag in train

श्रीमहावीरजी।

केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल यहां भगवान महावीर के दर्शन करने पहुंचे लेकिन अपना बैग ट्रेन से उतारना भूल गए। दरअसल, हुआ यह कि गोयल श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर सपरिवार उतर गए, लेकिन उनका बैग जनशताब्दी एक्सप्रेस में ही छूट गया। बैग ट्रेन में छूटने का ध्यान आया तब तक जनशताब्दी रवाना हो चुकी थी। ट्रेन में बैग छूटने की सूचना पर मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों में हडकम्प मच गया।

रेलवे अधिकारियों ने बैग की सुरक्षा के लिए संबंधित बोगी के टीटीई व गंगापुरसिटी के जीआरपी व आरपीएफ को सूचित कर दिया। बाद में बैग को अवध एक्सप्रेस से श्रीमहावीरजी में रेलमंत्री को सुपुर्द किया गया।

बैग आने पर ही रेल मंत्री सिद्धार्थ रिसोर्ट्स से शाम 7 बजे दर्शन के लिए मंदिर रवाना हुए। रेलमंत्री ने श्रीदिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी में शनिवार शाम भगवान महावीर के दर्शन किए।

अहिंसा नगरी में पूजे महावीर

केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल ने हिण्डौनसिटी श्रीदिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी में शनिवार शाम भगवान महावीर के दर्शन किए। जनशताब्दी एक्सप्रेस से यहां पहुंचे रेल मंत्री ने सपरिवार भगवान जिनेंद्र की मूलनायक प्रतिमा की आरती उतारी तथा पूजा पाठ किया। उन्होंने मूलनायक वेदी के समक्ष माथा टेक ढोक लगाई।

मंदिर के पुजारी ने रेलमंत्री गोयल व परिजनों से जैन विधि विधान से पूजा सम्पन्न कराई। इसके बाद गोयल ने मूलनायक वेदी की 108 परिक्रमा की। शाम करीब 5 बजे पहुंचे रेलमंत्री ने शांतिवीर नगर में स्थित सिद्धार्थ रिसोट्र्स में विश्राम किया। दर्शन के बाद रेलमंत्री देर रात देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
रेल मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने ज्ञापन सौंप बंद पड़े करौली रेलवे लाइन के कार्य को शुरु कराने व श्रीमहावीरजी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग की। इससे पहले रेलमंत्री ने कोटा मंडल के डीआरएम यूसी जोशी के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया।

Published on:
23 Dec 2018 08:06 am