
हिण्डौनसिटी. स्मार्टफोन और सोशल मीडिया अब लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। बैंकिंग से लेकर सोशल लाइफ तक सब कुछ ऑनलाइन होता जा रहा है। ऐसे में साइबर ठगों ने भी अपने जालसाजी के तरीके को ऑनलाइन कर लिया है। क्षेत्र में आए दिन किसी ना किसी के साथ ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसा ही एक व्हाट्सएप मैसेज हमारे हाथ भी लगा है। कौन बनेगा करोड़पति (kbc) के नाम पर ठगी करने वाला यह गैंग अपने काम को अंजाम देने के लिए व्हाट्सएप का सहारा ले रहा है।
व्हॉट्सएप पर लॉटरी में इनाम जीतने का मैसेज भेज रहे ये ठग, लोगों को अपने जाल में फंसाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, एक मोबाइल यूजर ने कौन बनेगा करोड़पति लॉटरी के नाम पर आए मैसेज की एक फोटो और ऑडियो क्लिप पत्रिका को भेजी है। मामला संज्ञान में आने के बाद करौली जिले की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस के द्वारा सोशल मीडिया के जरिए वायरल हो रहे ठगी के संदेशों से सावचेत रहने की अपील की जा रही है।
क्या है व्हाट्सएप मैसेज में
व्हाट्सएप पर भेजी जा रही ऑडियो क्लिप में सायबर ठग मोबाइल उपभोक्ताओं से उनके नाम पर लॉटरी निकलने की बात कहता है। ऑडियो क्लिप के अनुसार, ठग स्वयं को व्हाट्सएप के दिल्ली ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए कहता है कि ,‘आपके नाम पर 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। आपका नंबर पांच मुल्क जैसे इंडिया, नेपाल, दुबई, यूनान व सऊदी अरब का देश के यूजर्स का इंटरनेशनल लकी ड्रॉ होना बताता है। जिसमें उपभोक्ता के मोबाइल नंबसों को विजेता के रुप में चुना होना बताता है। ठग बताता है कि इस लॉटरी को पाने के लिए आपको लॉटरी मैनेजर को वॉट्सऐप कॉल करना होगा, जो आपको इनाम हासिल करने की पूरी प्रक्रिया समझाएगा।
25 लाख की लॉटरी
ठगों के द्वारा मोबाइल उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे मैसेज में ऑडियो क्लिप के साथ एक फोटो भी शेयर की गई है। इसमें जिसमें केबीसी के मोनोग्राम के साथ ही अमिताभ बच्चन व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो का इस्तेमाल किया गया है। फोटो के जरिए कि आपके नाम पर 25 लाख रुपए की लॉटरी निकली है। इन रुपए को पाने के लिए आपको कंपनी के नियमों को फॉलो करना होगा। ऑडियो मैसेज में बताया गया है कि लॉटरी मैनेजर को आप सामान्य कॉल नहीं कर सकते हैं, इसलिए आपको उससे व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क करना होगा।
डीएसपी बोले- लालच में न आएं, सावधानी बरतें
डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि मोबाइल उपभोक्ताओं के पास केबीसी के नाम से आ रहे लॉटरी के संदेशों को लेकर जानकारी मिली है। साइबर ठगी करने वाले अक्सर लॉटरी या इनाम में लाखों रुपए मिलने का झांसा देते हैं। लोग अक्सर लालच या जानकारी के अभाव में उनकी बातों में आते हैं। अनजान लोगों के व्हाट्सएप वीडियो कॉल या वाइस कॉल अटेंड नहीं करना चाहिए। इसके जरिए भी फ्रॉड किया जा रहा है। केबीसी के नाम पर फर्जी मैसेज पर ध्यान न दें। उनकी सत्यता परखने के बाद ही बातचीत करें।