करौली

संकल्प रैली: भाजपा का झूठ नहीं चलेगा जनता के सामने: सचिन पायलट

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Sep 11, 2018
congress sankalp rally in karauli

करौली। माथुर स्टेडियम में मंगलवार को कांग्रेस की आयोजित संभाग की संकल्प रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय- प्रदेश स्तरीय नेताओं ने भाजपा पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने भाजपा पर झूठ के सहारे सत्ता हथियाने तथा पौने पांच वर्ष के शासन में प्रदेश का विकास ठप कर देने के आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा की कथनी-करनी में अंतर है। वो झूठों वादों से सत्ता में आ गए लेकिन उसके बाद शासन में हर वर्ग त्रस्त हुआ है।

भाजपा ने लोगों को धर्म, जाति के नाम पर बांटा है और समाजों को लड़ाया है। वे बोले कि भाजपा से उकता चुकी जनता ना तो मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे से मिलना चाहती है और ना ही राजे भी जनता से मिलना चाहतीं हैं। राजे ने जनता से कोई सरोकार नहीं रखा, जबकि कांग्रेस ने सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाई है।

रैली में भारी भीड़ को देख पायलट बोले कि राजे देखे लें, करौली की जनता क्या चाहती है। करौली में कांग्रेस की चौथी संभाग स्तरीय रैली को पायलट ने भीड़ के लिहाज से ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि दो माह बाद चुनाव है, भाजपा का बोरिया-बिस्तर गंगाजी में डालने का समय आ गया है।

उन्होंने विकास को लेकर पूर्वी राजस्थान के जिलों में सरकार पर सौतले व्यवहार का आरोप लगाया। साथ ही यकीन दिलाया कि हमारा शासन आने पर इस इलाके की जनता को लगेगा कि सत्ता में हमारी भागीदारी है। शुरूआत में पायलट ने देरी से पहुंचने पर लोगों से क्षमा मांगी और बताया कि रास्ते में रैली के वाहनों के काफिले के कारण देरी हुई।

गहलोत ने भाजपा पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने पिछला चुनाव झूठ बोल लड़ा। जनता ने प्रचण्ड बहुमत दिया, लेकिन दुख यह रहा कि मुख्यमंत्री ने भारी बहुमत का ध्यान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हमारी योजनाओं को बंद कर दिया गया।

प्रदेश में रिफाइनरी, गिलास फैक्ट्री, मेट्रो आदि की कामों का काम ठप है। कानून व्यवस्था चौपट है। बालिकाओं से बलात्कार, महिला अत्याचार बढ़ गए हैं। गहलोत ने करारे प्रहार करते हुएकहा कि देश को लूटा जा रहा है। भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ गएहैं। अब बजरी माफिया पनप गए हैं।

रैली को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सीपी जोशी, मोहनप्रकाश, प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय, राष्ट्रीय सहसचिव देवेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीना, पूर्व मंत्री अशोक बैरवा, सपोटरा विधायक व रैली संयोजक रमेशचन्द मीना, डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेन्द्र सिंह, कांगे्रस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बीडी कल्ला, डॉ. चन्द्रभान, एआईसीसी सचिव संदीप चौधरी आदि ने भी संबोधित करते हुए भाजपा के शासन पर प्रहार किए।

Published on:
11 Sept 2018 07:20 pm