करौली

बाल विवाह रोकथाम के लिए विभागों में समन्वय और निगरानी पर जोर

करौली. बाल विवाह की रोकथाम और उन्मूलन के लिए जिला प्रशासन ने विभागीय समन्वय, ग्राम स्तर पर निगरानी और सामुदायिक सहभागिता के साथ साझा रणनीति बनाकर काम करने पर जोर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:29 PM IST
Rajasthan News

अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह प्रतिषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय परामर्श एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें बाल विवाह मुक्त करौली के लक्ष्य को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश प्रसाद गौड़ ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने बाल विवाह की सूचना मिलने पर समयबद्ध कार्रवाई करने, संबंधित परिवारों को समझाइश देने, कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बालिकाओं को शिक्षा से जोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल किसी एक परिवार या समुदाय की समस्या नहीं है, बल्कि इसके उन्मूलन की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ सामाजिक संस्थाओं और आमजन को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

गांवों में सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर

एसडीएम करौली राकेश कुमार ने कहा कि संभावित बाल विवाह की समय रहते पहचान और रोकथाम के लिए ग्राम स्तर पर सतत निगरानी जरूरी है। इसके लिए मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने तथा संभावित घटनाओं की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीशचंद मीना, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) मुनेश कुमार मीना, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक जगदीश प्रसाद मीना, डीएसपी कुसुम मीना, महिला अधिकारिता विभाग की सीमा चतुर्वेदी, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य फजले अहमद एवं फरीदा शाह, जिला बाल संरक्षण इकाई के राकेश कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एक्शनएड एसोसिएशन-डीएमजी इवेंट्स के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:29 PM IST
Published on: