करौली

35 साल से एक ही परिवार पर भरोसा, गोठरा में सात बार सरपंची का इतिहास

गोठरा ग्राम पंचायत में कार्यभार ग्रहण करने से पहले पूजा करतीं नवनिर्वाचित सरपंच कमलेशी देवी मीणा।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:17 PM IST
35 साल से एक ही परिवार पर भरोसा, गोठरा में सात बार सरपंची का इतिहास

सपोटरा. पंचायत चुनाव में एक बार जीत हासिल करना भी किसी उम्मीदवार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, लेकिन सपोटरा क्षेत्र की गोठरा ग्राम पंचायत में एक ही परिवार ने करीब 35 साल तक पंचायत की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी। परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग कार्यकाल में सात बार सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली। खास बात यह है कि परिवार की राजनीतिक भागीदारी केवल सरपंच पद तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रधान और उपप्रधान पदों पर भी प्रतिनिधित्व रहा। मुड्या मीणा से शुरू हुआ यह राजनीतिक सफर उनकी पत्नी रामप्यारी देवी, बेटे मुकेश मीणा और पुत्रवधू कमलेशी देवी मीणा तक पहुंचा।

परिवार के राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 1977 में मुड्या मीणा से हुई। वे 1977 से 1981 तक उपसरपंच रहे। इसके बाद 1981 से 1988 और 1988 से 1991 तक सरपंच पद पर रहे। बीच में प्रशासनिक काल रहा। इसके बाद वर्ष 2000 से 2005 तक उन्होंने फिर सरपंच की जिम्मेदारी संभाली। इस तरह वे तीन कार्यकाल में सरपंच रहे। उनके बाद पत्नी रामप्यारी देवी ने वर्ष 2010 से 2015 तक पद संभाला। इसके बाद बेटे मुकेश मीणा 2015 से 2020 तक सरपंच रहे। परिवार की अगली पीढ़ी से पुत्रवधू कमलेशी देवी मीणा ने वर्ष 2021 से 2026 तक यह जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान परिवार की प्रधान और उपप्रधान पदों पर भी भागीदारी रही। वर्ष 2026 के पंचायत चुनाव में कमलेशी देवी मीणा ने दोबारा जीत दर्ज कर परिवार की सातवीं सरपंची का सिलसिला आगे बढ़ाया।

तीन पीढ़ियों तक कायम रहा राजनीतिक सफर

एक ही परिवार के सदस्यों का करीब साढ़े तीन दशक तक पंचायत की राजनीति में प्रभाव बनाए रखना क्षेत्र में चर्चा का विषय है। परिवार के अलग-अलग सदस्यों ने विभिन्न कार्यकाल में पंचायत की जिम्मेदारियां संभालीं। सरपंच के साथ प्रधान और उपप्रधान पदों पर भी भागीदारी इस राजनीतिक सफर का हिस्सा रही है। ग्रामीण राजनीति में लंबे समय तक एक ही परिवार के सदस्यों का निर्वाचित होकर जिम्मेदारियां संभालना गोठरा पंचायत को अलग पहचान देता है।

मुड्या मीणा का व्यक्तित्व भी गांव में अलग पहचान रखता था। उनके संपर्क में रहे लोगों के अनुसार वे पत्रकारों का विशेष सम्मान करते थे और उनसे मिलना-जुलना पसंद करते थे। उनका यह व्यवहार आज भी लोगों को याद है।

इधर, गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच कमलेशी देवी मीणा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ग्राम पंचायत का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व सरपंच मुकेश मीणा सहित गांव के पंच-पटेल और महिलाएं मौजूद रहीं। कमलेशी देवी के दोबारा निर्वाचित होने और कार्यभार संभालने के साथ ही गोठरा पंचायत में एक ही परिवार की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक भागीदारी फिर चर्चा में आ गई है।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: