करौली

सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ प्रदर्शन कर दी गिरफ्तारी

www.patrika.com
2 min read
Feb 08, 2019
karauli hindi news
सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ प्रदर्शन कर दी गिरफ्तारी

करौली. प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यहां कलक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारियां दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए।

प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार भाजपाइयों ने जिलाध्यक्ष हेमेन्द्र वशिष्ठ के नेतृत्व में कलक्ट्रेट के समक्ष पहले धरना दिया और सम्बोधन में सरकार को कोसा। इसके बाद उन्होंने गिरफ्तारी दी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रवेश के प्रयास किए तो कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर तैनात आरएएसी व पुलिस जवानों ने उन्हें रोका।

इस पर कार्यकर्ता पुलिस से उलझने लगे। इसके बाद सभी को पुलिस व निजी बसों में बैठाकर नई जेल के पास ले जाकर छोड़ दिया गया।

इससे पहले धरने पर दिए गएसम्बोधन में पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार द्वारा वादे के अनुसार किसान का संपूर्ण कर्जा माफ नहीं करने, बेरोजगारों को रोजगार भत्ता नहीं देने को लेकर कांग्रेस सरकार की आलोचना की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष हेमेन्द्र वशिष्ठ सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भौरूसिंह जादौन, पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद सिंहल, रमेश राजौरिया, पूर्व विधायक सुरेश मीना, डॉ. जयपाल मीना, उत्तमसिंह जादौन, जिला महामंत्री तेजसिंह जमालपुर, बाबूलाल अरहेला, प्रहलाद, पप्पू वाल्मीकि सहित अन्य ने किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी और बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता के मामले में कांग्रेस द्वारा किसान-युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया।

इस मौके पर भाजपाइयों ने लोकसभा चुनाव में एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार सत्ता में आने का दावा किया। मंच संचालन भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह बैंसला ने किया। इस दौरान करौली प्रधान इन्दू देवी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लजजारानी, बबलू शुक्ला, गोपेश शर्मा अतेवा, मण्डल अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, महामंत्री वीरेन्द्र मित्तल, हिण्डौन सिटी के महामंत्री बबली चतुर्वेदी, जुगल चतुर्वेदी सहित अन्य मौजूद थे।
इधर कलेक्ट्रेट पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक संपत सिंह, कोतवाली थानाधिकारी अध्यात्म गौतम सहित सैकड़ों पुलिस जवान तैनात रहे।

Published on:
08 Feb 2019 11:16 pm