https://patrika.com/karauli-news/
हिण्डौनसिटी.
गुरुपूर्णिमा के मौके पर गुरू आश्रम व मंदिर पर गुरूओं की चरण पखार कर पूजा की गई। कोटा, जयपुर, आगरा, बयाना समेत दूर-दूर के लोग दर्शन को पहुंचे।
इन लोगों ने संतों के आश्रम में पहुंच गुरु मंत्र दीक्षा ली। शहर में गुरु पूजा कार्यक्रम नक्कश की देवी स्थित गोमती आश्रम में हुआ। एक सप्ताह से चल रहे गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत सुबह साढ़े पांच बजे ब्रह्मलीन संत गोमती दास की प्रतिमा की मंगला महाआरती की। कोटा, जयपुर, आगरा, बयाना से एक दिन पहले आए शिष्यों ने अलसुबह गुरु पूजन शुरु कर दिया। मंदिर के पुजारी अंचल पाठक व अरविंद कौशल ने मुख्य प्रतिमा के समक्ष चांदी की प्रतिमा रख पूजन कराया। महोत्सव में आचार्य मिथलेश शास्त्री ने गुरुमंत्र देकर नए शिष्यों को दीक्षा संकल्प दिलाया।
स्थित विनायक वाटिका में ब्रह्मलीन संत शुकदेव दास के स्थानीय शिष्य मंडल की ओर से गुरुपूजा महोत्सव मनाया। शिष्य महेश चंद्र चतुर्वेदी व राधारमण शर्मा सहित सैकड़ों शिष्य-शिष्यों ने गुरुचित्रपट की पूजा कर दक्षिण भेंट की। मण्डावरा रोड स्थित लक्ष्मी पैलेस में गायत्री परिवार ने गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया। कार्यक्रम में फैमिली कोर्ट के विशिष्ट न्यायाधीश सतीश कौशिक ने गायत्री मंत्र का महात्मय बताया। इस दौरान १६ नए परिजनों को गायत्री मंत्र दीक्षा दी गई। इसी प्रधान डाकघर के पास नंगेश्वर बाबा की धूनी पर संत त्रिवेणी दास का गुरुपूजा कार्यक्रम हुआ।
इधर गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर शहर में संत ओउम मुनि की कलश यात्रा की अगुवाई में बैण्डबाजे के साथ सवारी निकाली गई। शीतला चौराहा स्थित सांईबाबा मंदिर से मुनि को बग्घी में बैठाया गया। बग्घी के आगे सिर पर जलकलश रख कलश यात्रा के रूप में महिलाओं ने मुनि की अगुवाई की।
ढिंढोरा. गांव हुक्मीखेड़ा में ख्यालीराम जाट की धर्मशाला में संत प्रेमदास के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से पहुंचे शिष्यों ने संत की पूजा-अर्चना की। सरपंच सोनदेवी डागुर ने सहित अनेक लोगों ने गुरुचरण पूजा की।
कंजौली (हिण्डौनसिटी). समीप के लपावली गांव में भौनाबाबा के मंदिर पर गुरुपूर्णिमा महोत्सव में शिष्यों ने संत बतास्या की चरण पूजा की। साथ ही दक्षिणा भेंट का आशीष लिया। गांव में संत बालकदास के आश्रम पर शिष्य मुकेशदास ने गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया। शिष्यों ने भण्डारे में प्रसाद ग्रहण किया।
फैलीकापुरा. लीलौटी के हनुमान मंदिर परिसर में गुरुपूर्णिमा महोत्व के तहत गुरुवार को भण्डारा हुआ। दोपहर दो बजे से शुरू हुआ भण्डारा देत शाम तक चला। इस दौरान सैंकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। ग्रामीण भगवानसिंह मीणा ने बताया कि चेतनगिरी महाराज के सान्निध्य में हनुमान मन्दिर में गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। शिष्यों ने संत चेतनगिरी के चरण स्पर्श का आशीर्वाद लिया।
श्रीमहावीरजी. समीप के चांदनगांव स्थित वनखण्डी बालाजी आश्रम पर संत श्यामचेतनजी की गुरुपूर्णिमा मनाई गई। इस दौरान शिष्यों ने गुरुपूजन कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिष्य पहुंचे, जिन्होंने प्रसादी भी ग्रहण की।
पटोंदा. कस्बे सहित आसपास के गांवों में गुरुपूर्णिमा पर गुरुओं का पूजन किया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन के समीप हनुमानजी मन्दिर पर गुरु अवदेशानन्द का शिष्यों ने पूजन किया। इसी प्रकार दानालपुर, इरनिया, हिंगोट, शांतिनगर आदि जगह भी गुरु पूर्णिमा मनाई गई।
सूरौठ. क्षेत्र में गुरुपूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शिष्यों ने अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही मंदिरों में भजन-कीर्तन किए। वहीं भण्डारे भी हुए। कस्बे सहित धुरसी, विजयपुरा, रीझवास, बाईजट्ट, सोमला, सोमली, धंधावली गांवों में गुरुपूर्णिमा मनाई गइ। अड्डा गांव के परमदेव नारायण धाम आश्रम में कृष्णदास व मोहनदास की गुरुपूर्णिमा मनाई गई। शिष्यों ने गुरुपूजन कर पंगत में प्रसादी ग्रहण की। इसी प्रकार धंधावली गांव मे गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़ी नहर चौबीसा क्षेत्र गणेशधाम आश्रम में गणेश दास महाराज की गुरु पूर्णिमा मनाई गई। शिष्यों ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद लिया।