8 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Crime: 78 साल के बुजुर्ग भाई पर नहीं आया तरस, छोटे भाई ने ही बेरहमी से कर दी हत्या

Karauli Crime: कृषि भूमि के विवाद में दो सगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने 78 वर्ष के बड़े भाई को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी और फिर बेरहमी से लाठियों से पीटा।
2 min read
Google source verification
Brother Murder

मृतक मनोहर मीना। पत्रिका फाइल फोटो

करौली। गुढ़ाचंद्रजी के निकटवर्ती गांव गढ़मोरा में कृषि भूमि के विवाद में दो सगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने 78 वर्ष के बड़े भाई को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी और फिर बेरहमी से लाठियों से पीटा। इससे मनोहर मीना (78) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस शव को गुढाचंद्रजी अस्पताल लेकर आई। जहां परिजनों ने मामले में पुलिस की ढिलाई का आरोप लगाकर शव लेने व पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चरी के पास बैठ गए।

पुलिस के अनुसार मनोहर मीणा और उसके सगे छोटे भाई शिवराम में पुश्तैनी कृषि भूमि को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी के चलते घटना हुई। मृतक की पुत्रवधू रेशमा देवी पत्नी संजय कुमार मीणा ने प्राथमिकी में बताया कि उनका 10 वर्ष से चाचा ससुर शिवराम मीना से भूमि विवाद चल रहा था। एक माह से लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसको लेकर गढ़मोरा थाने में कई बार परिवाद दिया था। घटना के एक दिन पहले मंगलवार शाम को भी पुलिस थाने में परिवाद दिया गया था।

बहू बोली- चाचा ससुर ने ही ससुर को मारी ट्रैक्टर

रेशमा देवी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे उसका ससुर मनोहर खेत पर कार्य कर रहा था। इस दौरान चाचा ससुर शिवराम मीणा ने उसके ससुर मनोहर को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसके बाद शिवराम सहित उसकी पत्नी धनबाई, उसका पुत्र दीपेंद्र व उसकी पत्नी संतोष सहित अन्य ने लाठी व धारदार हथियारों से बेरहमी से मारपीट की। इससे उसके ससुर मनोहर की मौके पर मौत हो गई। शोर सुनकर वे मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट कर फरार हो गए।

शव लेने से किया इनकार

ग्रामीणों की सूचना पर गढ़मोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची मृतक को गुढ़ाचंदजी की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आए। शाम को मृतक के दिल्ली पुलिस में तैनात बड़े पुत्र नमोनारायण मीणा व भरतपुर में पटवारी कार्यरत छोटे पुत्र संजय मीणा के आने पर चिकित्सालय में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर कार्रवाई नहीं करने से आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम दिया है। परिजनों ने गढ़मोरा थाने के स्टाफ को निलंबित करने व आरोपियों पर उचित कार्रवाई की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया।

देर रात तक समझाइश करती रही पुलिस

मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ कमल कुमार, टोडाभीम पुलिस उपाधीक्षक भंवरलाल बुनकर, नादौती थाना अधिकारी ओमेंद्र सिंह, नादौती, गढ़मोरा, बालघाट, टोडाभीम आदि स्थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। देर रात तक समझाइश के प्रयास जारी रहे। टोडाभीम पुलिस उपाधीक्षक भंवरलाल बुनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों से समझाइश कर रहे हैं। मृतक की पुत्रवधू की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।