
गोठरा. गर्मी का असर तेज होने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में जंगल क्षेत्र में आग लगने की की घटनाएं शुरू हो गई है। सपोटरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोड़ली के डूडीपुरा गांव में करीब ४५० बीघा चरागाह भूमि पर शुक्रवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी, कि वह कुछ ही देर में काफी विस्तृत क्षेत्र में फैल गई। आग से घास-फूस जलकर राख हो गया।
डूडीपुरा के ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय खेतों पर काम करने निकले तो जंगलों से आग की लपटें दिखाई दी। जिसकी सूचना पुलिस व दमकलकर्मियो को दी। करीब ११.३० बजे दमकल मौके पर पहुंची। शाम तक आग बुझाने का कार्य चलता रहा। डूडीपुरा गांव के चरागाह जंगलों में पहुंचने के लिए रास्ता ठीक नहीं होने से दमकल को मौके पर पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ी। रास्ते में मिट्टी के टीले होने के कारण दमकलकर्मी परेशान रहे। उन्हें आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान सपोटरा पुलिस सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। आग की लपेटों ने डूडीपुरा सहित झाडोदा,काछडा,अडूदा,डोगरी गांव की चरागाह भूमि को भी घेर लिया। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की घटना हर साल होती है।