करौली

बैंककर्मी बन पूछी एटीएम कार्ड की डिटेल और कर ली साढ़े 27 हजार की ऑनलाइन शॉपिंग

सायबर क्राईम का बढ़ रही घटनाएं, सेवानिवृत शारीरिक शिक्षक हुआ ठगी का शिकार
less than 1 minute read
Mar 04, 2019
hindaun karauli news
बैंककर्मी बन पूछी एटीएम कार्ड की डिटेल और कर ली साढ़े 27 हजार की ऑनलाइन शॉपिंग

हिण्डौनसिटी. हैलो मैं एसबीआई बैंक से वीरेन्द्र बोल रहा हूं... आपका एटीएम कार्ड बंद हो चुका है, नया जारी होगा, इसके लिए आपको अपने एटीएम कार्ड पर अंकित 16 अंकों वाला नम्बर बताना होगा। ठीक इसी तरह से रूपकॉलोनी निवासी गुलाबसिंह जाट के मोबाइल पर 28 फरवरी को सुबह 10 बजे एक सायबर ठग का कॉल आया। जैसे ही उसने कार्ड पर लिखे नंबर और ओटीपी नंबर ठग को बताए।

इसके कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से 27 हजार 525 रुपए की ऑनलाईन खरीदारी कर ली गई। अपने मोबाइल पर खाते से रुपए कटने का संदेश देख पीडित के होश उड गए। मामले में पीडित ने अब कोतवाली थाने पर ऑनलाइन ठगी करने का मामला दर्ज कराया है।


पुलिस के अनुसार रूप कॉलोनी स्थित काचरौली हाउस निवासी गुलाबसिंह जाट ने बताया कि 28 फरवरी को सुबह 10 बजे वह घर के कुछ कामकाज में व्यस्त था। इस दौरान उसके मोबाइल पर एक सायबर ठग का कॉल आया। जिसने स्वयं को वीरेन्द्र बताते हुए कहा कि वह एसबीआई बैंक से बोल रहा है। चूंकि पीडित का खाता धाकड़पोठा स्थित एसबीआई बैंक में है। इसलिए वह सायबर ठग की बातों में आ गया। आरोपी ने पीडित का एटीएम कार्ड बंद होने व नया जारी करने की बात कहते हुए 16 डिजिट वाला एटीएम नंबर पूछ लिया।

कुछ देर उसे बातों में उलझा कर रखा और बाद में मोबाइल के मैसेज इनबॉक्स में आए ओटीपी नंबर भी पूछ लिया। इसके बाद फोन कट गया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर 27 हजार 525 रुपए खाते से कटने का संदेश आया। तब जाकर उसे ठगी का अहसास हुआ। बैंक में जानकारी करने पर उसे पता चला कि उसके खाते कटी राशि से सायबर ठग ने ऑनलाइन खरीददारी की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

Published on:
04 Mar 2019 11:09 pm