करौली

मोटे भाड़े का लालच दे वाहन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

www.patrika.com/rajasthan-news/   सरगना व सहयोगी गिरफ्तार,एक कार व पौने दो लाख रुपए जब्त
2 min read
Sep 26, 2018
 hindaun karauli news
मोटे भाड़े का लालच दे वाहन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

हिण्डौनसिटी. वाहन मालिकों को अब सजग रहने की जरूरत है। अगर कोई व्यक्ति आपके वाहन को प्रतिमाह अच्छे खासे भाड़े पर कंपनी में लगवाने का झांसा दे रहा है, तो उसके झांसे में नहीं आएं। क्योंकि प्रदेश में कई ऐसे गिरोह सक्रिय जो लालच देकर आपके वाहन को हड़प सकते हैं। ऐसे ही एक गिरोह को पर्दाफाश जिला पुलिस की स्पेशल जांच टीम ने बुधवार को किया है। पुलिस टीम ने भरतपुर से गिरोह के सरगना व उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उनके कब्जे से एक कार व एक लाख 72 हजार 200 रुपए की नकदी भी जब्त की है।


सदर थाना प्रभारी लोकेन्द्रसिंह ने बताया कि आरोपी भरतपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के पेंडका निवासी हुकमसिंह गुर्जर गिरोह का सरगना है। जिसने अलीपुरा निवासी बहादुरसिंह माली को प्रतिमाह मोटे किराए का झांसा देकर उसकी बोलेरो को अपनी कंपनी में लगवा लिया। एग्रीमेन्ट के तहत बोलेरो को साथ ले गए। कुछ माह तो उसे किराया मिलता रहा, लेकिन कुछ माह पहले आरोपी ने बोलेरो को बेच दिया।

इसके बाद पीडि़त को बोलेरो चोरी होने की बात कहते हुए चोरी की प्राथमिकी भी दर्ज करा दी। लेकिन सच्चाई पता चलने पर पीडि़त ने चार अगस्त 2018 को सदर थाने में धोखाधड़ी रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच करने के बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर मंगलवार रात आरोपियों को पकडऩे के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अजयसिंह ने स्पेशल जांच टीम को रवाना किया। पुलिस टीम ने भरतपुर में बस स्टेण्ड के पास खड़ी आरोपी की कार की घेराबंदी की। तथा कार में सवार गिरोह के सरगना हुकमसिंह गुर्जर व सहयोगी गंगावत गांव निवासी मन्नु शर्मा को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार व एक लाख ७२ हजार २०० रुपए की नकदी जब्त की।


50 से अधिक लोगों से कर चुका ठगी-
पुलिस ने बताया कि आरोपी हुकमसिंह राजस्थान के अलवर, भरतपुर, महवा, दौसा, भुसवार, हिण्डौनसिटी, बल्लभगढ़ समेत उत्तरप्रदेश के आगरा, मथुरा व मध्यप्रदेश के भोपाल, ग्वालियर शहर में50 से अधिक वाहन मालिकों को इसी प्रकार ठग चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी करीब 20 बोलेरो, स्कार्पियो, 25 ट्रेक्टर, व कई जेसीबी को बेच चुका है। तीनों राज्यों के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज है।

ये थे टीम में शामिल
थानाप्रभारी ने बताया कि स्पेशल जांच टीम के प्रभारी भंवरसिंह कर्दम के नेतृत्व में नरेन्द्रसिंह, संदीप, मनोज कुमार, हंसराज, रामकेश व राकेश कुमार आरोपियों को घेराबंदी कर पकड लिया।

Published on:
26 Sept 2018 10:54 pm