करौली

किसानों को खाद लेने की ऑनलाइन प्रक्रिया और रबी फसलों के प्रबंधन की दी जानकारी

नादौती . उपखंड क्षेत्र के कैमला गांव स्थित राजीव गांधी केंद्र पर शुक्रवार को किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को उर्वरक खाद प्राप्त करने की ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ रबी फसलों की देखभाल…
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:07 PM IST
किसानों को खाद लेने की ऑनलाइन प्रक्रिया और रबी फसलों के प्रबंधन की दी जानकारी

नादौती . उपखंड क्षेत्र के कैमला गांव स्थित राजीव गांधी केंद्र पर शुक्रवार को किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को उर्वरक खाद प्राप्त करने की ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ रबी फसलों की देखभाल, सिंचाई और रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

कृषि पर्यवेक्षक लखन लाल मीना ने किसानों को एफएफएस एप डाउनलोड करने, लॉगिन करने, भूमि एवं फसल का विवरण दर्ज करने तथा खाद के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि अब किसानों को खाद के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। वे मोबाइल पर एप के माध्यम से आवेदन कर अपनी पात्रता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर और फार्मर आईडी के माध्यम से खसरा नंबर एवं फसल का विवरण सही दर्ज करना जरूरी है। ऑनलाइन व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी।

उन्होंने सरसों, गेहूं और चना सहित रबी की प्रमुख फसलों में सिंचाई के समय उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरसों में पहली सिंचाई के दौरान यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की उचित मात्रा का प्रयोग करना चाहिए। गेहूं में कल्ले निकलने के समय पोषक तत्वों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होती है, जबकि चने की फसल में अधिक पानी और खाद नुकसानदायक हो सकते हैं। उन्होंने किसानों को कीट एवं रोगों से बचाव के लिए समय पर उपचार करने, रोगग्रस्त पौधों को खेत से हटाने तथा बुवाई से पहले बीजोपचार करने की सलाह दी। साथ ही कृषि विभाग की सलाह के अनुसार ही कीटनाशकों का उपयोग करने पर जोर दिया।

कृषि पर्यवेक्षक ने मिट्टी की जांच के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि इससे खेत में पोषक तत्वों की कमी और अधिकता का पता चलता है। जांच रिपोर्ट के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने से फसल की पैदावार बेहतर होती है और खेती की लागत भी कम की जा सकती है। उन्होंने किसानों से प्रत्येक फसल की बुवाई से पहले मिट्टी की जांच कराने का आग्रह किया।

इस दौरान जल संसाधन विभाग की कनिष्ठ अभियंता कविता मीना ने बताया कि इस बार किसानों को पांचना बांध से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने नहरों की सफाई सहित आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि अंतिम छोर तक के किसानों को भी पानी मिल सके। उन्होंने किसानों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ बारी-बारी से सिंचाई करने तथा पानी का सदुपयोग करने की अपील की।

फोटो कैप्शन - नादौती के कैमला गांव में शुक्रवार को संगोष्ठी में किसानों को जानकारी देते कृषि पर्यवेक्षक।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:07 PM IST
Published on: