करौली

करौली में जीप पलटी : महिला श्रद्धालु की मौत, 8 लोग घायल, दर्शन कर लौट रहे थे सभी

करणपुर घाटी में दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की जीप हादसे का शिकार हो गई। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से जीप पलट गई, जिसमें 64 वर्षीय महिला की मौत हो गई और करीब आठ लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को करौली रेफर किया गया है।
2 min read
Sep 10, 2026
Road Accidents
Karauli: सांकेतिक तस्वीर (फोटो-एआई)

करौली। करौली जिले की करणपुर घाटी में श्रद्धालुओं से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 64 वर्षीय महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब आठ लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद करौली रेफर किया गया है। हादसा कैलादेवी-करणपुर मार्ग पर करणपुर घाटी के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, वृंदावन निवासी ललिता शर्मा अपने परिचितों के साथ कैलादेवी दर्शन के लिए आई थीं। इसके बाद श्रद्धालु करणपुर स्थित माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। दर्शन करने के बाद सभी लोग निजी जीप से कैलादेवी की ओर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान करणपुर घाटी पार करने के बाद आशाकी बांच टावर के पास ठाकुर बाबा स्थान के नजदीक एक मोड़ पर जीप अचानक अनियंत्रित हो गई।

संतुलन बिगड़ने के बाद पलटी जीप

मिली जानकारी के मुताबिक, मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ने के बाद जीप सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही जीप में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए कैलादेवी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

एक महिला गंभीर घायल

अस्पताल में डॉक्टरों ने ललिता शर्मा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य श्रद्धालुओं का उपचार शुरू किया गया। इनमें वृंदावन के कैलाश नगर निवासी मेघा पत्नी राहुल की हालत गंभीर होने पर उन्हें करौली जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि जीप में करीब 10 श्रद्धालु सवार थे। शुरुआती जानकारी में जीप की रफ्तार अधिक होने और मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

यह वीडियो भी देखें :

हादसे की सूचना मिलने के बाद करणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतका का शव कैलादेवी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

Updated on:
10 Sept 2026 04:38 pm
Published on:
10 Sept 2026 04:38 pm