करौली

भाजपा जिलाध्यक्ष को नगरपरिषद ने बिना स्वीकृति भवन निर्माण पर थमाया नोटिस ,भाजपा जिलाध्यक्ष-सभापति विवाद गर्माया

rajasthan patrika hindie news.com
2 min read
Dec 20, 2018
Karauli Local municipality has given notice to BJP District President Ramesh Rajauria to build the house without acceptance.
भाजपा जिलाध्यक्ष को नगरपरिषद ने बिना स्वीकृति भवन निर्माण पर थमाया नोटिस ,भाजपा जिलाध्यक्ष-सभापति विवाद गर्माया


करौली. स्थानीय नगरपरिषद ने बिना स्वीकृति के मकान का निर्माण कराने पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश राजौरिया को नोटिस दिया है। इसमें 24 घंटे में तथ्यों सहित जवाब देने को कहा गया है। साथ ही अवैध निर्माण को ध्वस्त कर खर्चा वसूलने की चेतावनी भी दी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चंद राजौरिया ने इसे सभापति राजाराम गुर्जर की बदले की कार्रवाई बताया है।
नगरपरिषद आयुक्त ने 17 दिसम्बर को भाजपा जिलाध्यक्ष राजौरिया को नोटिस जारी किया है। इसमें उनके द्वारा 132 केवी कॉलोनी स्थित मकान के निर्माण को बिना स्वीकृति के कराना बताया है। चेतावनी दी गई है कि 24 घंटे के अंदर सबूतों के साथ जवाब नगरपरिषद में नहीं देने परनगरपालिका की अधिनियम 2009 की धारा के तहत विधिक कार्रवाई कर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया जाएगा। गुरुवार को नगरपरिषद के पटवारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास तथा आसपास की जमीन की नाप-जोख की। इसका रिकॉर्ड तैयार किया कि कितनी जमीन में अवैध निर्माण कराया गया है।
टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जिलाध्यक्ष राजौरिया व सभापति राजाराम में शुरुआत में मधुर संबंध थे। विधानसभा चुनाव में टिकट मांगने से दोनों में विवाद हो गया। भाजपा टिकट के लिए राजाराम की प्रमुख दावेदारी थी। इसी बीच जिलाध्यक्ष ने खुद की भी टिकट की दावेदारी पेश कर दी। इसी से दोनों में विवाद शुरू हो गया। जयपुर में भाजपा के सांसद ओममाथुर के घर पर दोनों के बीच मारपीट की खबर भी चर्चाओं में रही थी।
कन्यादान के रुपयों पर भी विवाद
जिलाध्यक्ष की पुत्री की शादी में सभापति द्वारा रुपए देने का मामला भी चर्चाओं में आया है। जिलाध्यक्ष के अनुसार सभापति ने कन्यादान में जो राशि दी उसको वापस मांग लिया। सभापति का कहना है कि उन्होंने कन्यादान नहीं बल्कि उधार में रुपए दिए थे। ये राशि कितनी है, इसको लेकर दोनों पक्ष अलग अलग बयान दे रहे हैं। इसके अलावा राजौरिया के जिलाध्यक्ष बनने पर स्वागत-सत्कार में जो राशि सभापति ने खर्च की उस पर भी विवाद उभरा है।
नियम सबके लिए समान
रमेश राजौरिया ने मकान का निर्माण नगरपरिषद की बिना स्वीकृति के कराया है। इस कारण सामान्य तौर पर नोटिस दिया है। इस नोटिस को राजनीतिक रंग से नहीं देखा जाना चाहिए। अवैध निर्माण है तो हर हाल में ध्वस्त किया जाएगा।
राजाराम गुर्जर सभापति नगरपरिषद करौली
रंजिश से कर रहे कार्रवाई
विधानसभा चुनाव में मैंने और सभापति राजाराम ने टिकट मांगा था। तब से सभापति मेरे से राजनीतिक रंजिश रखते हैं। इस कारण अवैध निर्माण का नोटिस जारी किया है। मैं इस मकान में 15 साल से रह रहा हूं। अभी कोई निर्माण भी नहीं चल रहा है। सभापति को पहले अपने खिलाफ ही कार्रवाई करनी चाहिए, उनका मकान भी अवैध बना हुआ है। उसकी स्थिति लोगों के सामने रखें। उनके मकान का पट्टा तक नहीं है।
रमेश राजोरिया, जिलाध्यक्ष, भाजपा, करौली

Published on:
20 Dec 2018 07:40 pm