करौली

राजस्थान के करौली में चरवाहे को चम्बल नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, दूसरे दिन भी नहीं चला पता, दो राज्यों की टीम जुटी तलाश में

Patrika Hindi News (@PatrikaNews) | Twitter
2 min read
Oct 02, 2018
NDRF team looking for
राजस्थान के करौली में चरवाहे को चम्बल नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, दूसरे दिन भी नहीं चला पता, दो राज्यों की टीम जुटी तलाश में


करौली. जिले की नानपुर पंचायत के कैमोखरी के चम्बल घाट पर बकरी चराने वाले चरवाहे को सोमवार शाम पानी पीते समय मगरमच्छ गहरे पानी में खींच ले गया। चरवाहे का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। राजस्थान व मध्यप्रदेश की एनडीआरएफ की एजेन्सी उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। करणपुर के थानाधिकारी हरिसिंह मीना ने बताया कि बाबूलाल नाथ (५०) पुत्र श्यौजी नाथ को मगरमच्छ चम्बल नदी में ले गया है। इसकी सूचना आस-पास के ग्रामीणों ने पुलिस तथा वन विभाग के अधिकारियों को दी। अधिकारी गोताखोरों को लेकर पहुंचे तथा चरवाहे की तलाश की, लेकिन वह मिला नहीं। इस दौरान मौके पर ग्रामीण व चरवाहे के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अस्थल घाट की तरफ जाने के संकेत मिले
घडियाल रक्षकदल के गणपति ने बताया कि बाबूलाल की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ उसे डुंगरिया के अस्थल घाट की ओर ले जाने के संकेत मिले हैं। इस कारण विभाग के दल ने अस्थल घाट पर नजर रखना शुरू की तथा मंगलवार को चरवाहे की तलाश अस्थल घाट पर की जाएगी।
दो राज्यों की टीम कर रही तलाश
चंबल नदी मध्यप्रदेश व राजस्थान की सीमा पर है। इस कारण दोनों राज्यों की टीम चरवाहे की तलाश में जुटी हुई हैं। करौली से मंगलवार को एनीआरएफ, पुलिस तथा क्षेत्र के गोताखोरों की टीम ने चंबल नदी में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
तेजी से तलाश करने की मांगो
इधर मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद है। दो दिन बाद भी चरवाहे की बरामदगी नहीं होने पर ग्रामीणों ने करणपुर के थानाधिकारी के समक्ष नाराजगी जताई, उन्होंने कहा कि चरवाहे की बरामदगी नहीं होना गम्भीर मामला है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर तेजी से चरवाहे को बरामद करने की मांग की है। करणपुर के थानाधिकारी ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम काम कर रही है साथ ही मध्यप्रदेशका दल भी चरवाहे को नदी में तलाश कर रहा है।

Updated on:
02 Oct 2018 02:46 pm
Published on:
02 Oct 2018 02:46 pm