
हिण्डौनसिटी. निकटवर्ती क्यारदाकलां गांव में शुक्रवार को एक मंदबुद्धि युवती अपने घर के समीप खेत में स्थित 125 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गई। सूचना पर पहुंची नई मंडी थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवती को कुएं से बाहर निकाला और राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। हाथ में फ्रेक्चर व कमर व सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रैफर कर दिया। अचेतावस्था में होने की वजह से पुलिस युवती के बयान भी दर्ज नहीं कर पाई।
एएसआई रामस्वरूप सिंह जादौन ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे क्यारदाकलां गांव निवासी सूरजसिंह जाट की पुत्री कमलेश उर्फ कल्लो(19) अपने घर के समीप खेत में स्थित सूखे कुएं में गिर गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रस्सी और चारपाई के सहारे लोगों की मदद से युवती को बाहर निकाला। करीब सवा सौ फीट गहरे कुएं में गिरने से उसका एक हाथ कई जगह से टूट गया। जबकि कुएं में पत्थर व कचरा पड़ा होने से सिर व कमर के अलावा शरीर में विभिन्न स्थानों पर गंभीर चोटें आई है।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि परिजनों के मुताबिक कमलेश बचपन मे एक पेड़ से गिर गई थी, तभी से उसका मानसिक संतुलन खराब है। उसके पिता सूरज भी अंधत्व से ग्रसित है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कमलेश को बचपन मे उचित उपचार नही मिल सका। जिससे उम्र बढऩे के साथ ही उसकी मानसिक हालत भी बिगड़ती रही।