करौली

राजस्थान के नादौती में फसल चौपट, किसानों ने सीएम से की मुलाकत, मांगा मुआवजा

Patrika Hindi News (@PatrikaNews) · Twitter
2 min read
Sep 28, 2018
On the demand of compensation on crop failure, a delegation of farmers
राजस्थान के नादौती में फसल चौपट, किसानों ने सीएम से की मुलाकत, मांगा मुआवजा


नादौती. फसल खराबे पर मुआवजे की मांग को लेकर पूर्व विधायक बत्तीलाल मीना के नेतृत्व में गुरुवार को जयपुर में किसानों के शिष्ट मण्डल नें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात की। उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थित से अवगत कराकर शीघ्र मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। पूर्व विधायक मीना ने बताया कि हाल ही क्षेत्र में हुई बारिश से तिल व बाजरे ७०-८० प्रतिशत फसल खराब हो गई है। पशुओं के लिए चारा भी नहीं है। उन्होंने पेयजल समस्या से अगवत कराते हुए बताया कि मॉड क्षेत्र के सबसे अधिक पेयजल समस्याग्रस्त कस्बा शहर, सावटा, बाडापिचानौत गांवों में चम्बल योजना के तहत बनाए गए उच्च जलाशयों को आज तक भी पाइप लाइन से नहीं जोड़ा है। कैमरी परिक्षेत्र सहित क्षेत्र की जर्जर हाल सडक़ों की मरम्मत कराने, सिकंदरा नादौती गंगापुर सिटी स्वीकृत सडक़ निर्माण का कार्य शीघ्र चालू कराने आदि का आग्रह किया गया। शिष्ट मण्डल में पूर्व सरपंच शिवचरण सिंह मेढेकापुरा, रामहरी मीना, जल सिंह मेडिया शामिल थे।
४ घंटे बंद रहेगी बिजली
नादौती. गुढ़ाचन्द्रजी १३२ केवी विद्युत ग्रिड स्टेशन पर मरम्मत कार्य के चलते शनिवार सुबह ७ से ११ बजे तक उपखण्ड क्षेत्र की बिजली बंद रहेगी। यह जानकारी कनिष्ठ अभियंता राजकुमार मीना दी।

शिविर में २२० मोबाइल वितरित
टोडाभीम. भामाशाह डिजिटल योजना के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति परिसर में लगे ब्लॉक स्तरीय शिविर में २२० भामाशाह कार्ड धारकों को मोबाइल वितरित किए गए।ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी पुखराज मीना की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल के लिए भीड़ लगी रही। शिविर में विभिन्न मोबाइल कम्पनियों के विक्रेता मौजूद रहे। रिलायंस जियो के जेसीएम नितिन भार्गव ने योजना की जानकारी दी। शनिवार को बालघाट के अटल सेवा केन्द्र पर शिविर आयोजित किया जाएगा।

फसल खराबे का लिया जायजा
टोडाभीम. उपखंड क्षेत्र में पिछले दिनों बारिश से खराब हुई फसल का पूर्व राज्यमंत्री रामस्वरूप मीना ने जायजा लिया। क्षेत्र के भीमपुर, कानेटी, असरो आदि गांवों में जाकर जायजा लिया। इस दौरान किसानों ने उन्हें नुकसान से अवगत करा मुआवजे की मांग की।किसान मुकेश, परभाती, कैलाश, हरीमोहन, छोटा, हरिया आदि ने बताया कि फसल खराब होने के बाद किसानों की आर्थिक स्थित कमजोर हो गई है।

Published on:
28 Sept 2018 09:41 pm