करौली

कई स्थानों पर जबरदस्त बारिश, जलभराव देख लोग कह रहे.. बाढ़ आई

http://patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 6 Sep 2018, 11:13 PM IST
Weather In Rajasthan : Latest news and update on rain
Weather In Rajasthan : Latest news and update on rain


करौली/पटौंदा/निसूरा.
सूबे में मानसून ने कई क्षेत्रों में जबरदस्त बारिश कराई है। झमाझम बरसती बूंदें देख किसानों के चेहरे खिल गए हैं। खेत—खलिहान भर गए हैं। निचले इलाके जलमग्न हो उठे हैं, रास्तों में जगह-जगह पानी भर गया है।

ज्यादातर लोग इसे करौली में हुई 2016 की बारिश से जोड़कर देख रहे हैं, जब भयंकर बारिश आई थी, इस बार भी निचली बस्तियों के घरों में पानी भर जाने से परेशानी खड़ी हो गईं हैं, हालांकि किसान इससे संतुष्ट हैं।

बारिश से ढहा प्राचीन कुआं
पटोंंदा में समीप के गांव भोंटवाड़ा में रात हुई बारिश से गांव में प्राचीन कुआं ढह गया। ग्रामीणों ने बताया कि रात के झमाझम बारिश होने से खेतों में पानी भर गया। कुएं के चारों ओर पानी भरने से कमजोर हुई दीवारें रात में ही ढह गई। एक सदी से अधिक पुराने कुए से गांव के लोग पीने व रोजमर्रा के लिए पानी भरते हैं। भोंटवाड़ा निवासी रामप्रसाद मीना ने बताया कि जल रिसाव से कुएं की दीवार धंस गई। इससे खेतों में भरे पानी से कुए लबालब हो गया।

सुबह कुएं पर पहुंंचे लोगों ने दीवार ढही देखी तो सूचना पर भीड़ जमा हो गई। ढहने से महिलाएं कुएं पर पानी भरने नहीं आई। इससे गांव में पेयजल संकट के हालात हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि पास स्थित तालाब की दीवार टूटने से पानी खेत और कुएं तक आ गया। साथ ही लोगों ने तालाब की दीवार निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलक्टर को पत्र भेज कुआ की मरम्मत कराने व तालाब निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री की जांच कराने की मांग की है।

बारिश से ढही दीवार
श्रीमहावीर जी कस्बे में शनिवार रात तेज हवा और बारिश से मोदी कॉलोनी के मुख्य सड़क मार्ग में दीवार टूट गई। कॉलोनी वासियों ने बताया कि वर्षों से पूरी कॉलोनी का पानी मुख्य रास्ते से नदी में जा रहा था, लेकिन पिछले दिनों कुछ जनों ने मुख्य आम रास्ते के पास दीवार खड़ी कर दी। इसकी सूचना कस्बेवासियों ने प्रशासन को दी, लेकिन इस शिकायत को अनुसना कर दिया गया। शनिवार रात तेजी बारिश होने से काफी मात्रा में पानी भर गया। पानी का निकास नहीं होने के कारण मुख्य रास्ते की एक तरफ की यह दीवार गिर गई। सूचना पर सुबह ग्राम पंचायत सरपंच नंदकिशोर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और कहा कि जल्द ही प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मिलकर निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही पंचायत की ओर से भी कार्रवाई की जाएगी

झमाझम बारिश से खेत जलमग्न
निसूरा क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। बारिश के पानी से खेत जलमग्न हो गए। गांवों के रास्तों में जगह-जगह पानी भर गया। निचली बस्तियों के कई घरों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी हुई। बालघाट क्षेत्र में बारिश से बिशनसंबंध बांध में पानी की आवक हुई है।
...

Published on: